केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ INDIA गठबंधन एकजुट, 31 मार्च को रामलीला मैदान में महारैली

दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि यह रैली पॉलिटिकल रैली नहीं होगी। ये रैली हिन्दुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का आह्वान होगा।

Updated: Mar 24, 2024, 05:02 PM IST

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर विपक्षी गठजोड़ इंडिया एकजुट हो गया है। 31 मार्च, 2024 (रविवार) को इंडिया गठबंधन के नेताओं की ओर से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के रामलीला मैदान में महारैली की जाएगी। विपक्ष इस बड़े कार्यक्रम के जरिए बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन करना चाहेगा।

दिल्ली में रविवार को इंडिया नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली के मंत्री गोपाल राय ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाही कर रहे हैं। यही वजह है कि वे लोग 31 मार्च की सुबह 10 बजे रामलीला मैदान में महारैली का आयोजन करेंगे। जो लोग संविधान से प्यार करते हैं, उनको इस बात से नफरत है। देश के पीएम केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। मौजूदा समय में समूचे विपक्ष को खत्म करने और खरीदने की कोशिश हो रही है।

गोपाल राय ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस जैसी बड़ी पार्टी का खाता सीज हो सकता है, तो जो व्यापारी इन्हें चंदा नहीं देगा उसका खाता सीज किया जाएगा। हर किसी की आवाज दबाई जाएगी। इनके खिलाफ लड़ाई को बड़ा करने के लिए 31 तारीख को 10 बजे रामलीला मैदान में हम महारैली करेंगे। पूरी दिल्ली से अपील है कि एकजुट हों।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली ने बताया कि विपक्ष को समान मौके नहीं दिए जा रहे हैं। कांग्रेस के खातों पर रोक हैं। मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। यही वजह है कि 31 मार्च की महारैली राजनीतिक नहीं बल्कि देश के लोकतंत्र को बचाने और केंद्र के खिलाफ आवाज़ बुलंद करने का आह्वान है।