BJP MLA : विधायक चाची ने हड़पी भतीजियों की ज़मीन

बीजेपी विधायक राजश्री सिंह और उनके पति रूद्र प्रताप सिंह पर उनकी दो भतीजियों ने ज़मीन हड़पने का आरोप लगाया है और मुख्यमंत्री को शिकायत भेजी है

Publish: Jul 20, 2020, 07:39 PM IST

विदिशा/शमशाबाद। शमशाबाद विधानसभा सीट से विधायक ने अपनी ही भतीजियों की ज़मीन हड़प ली है। बीजेपी विधायक राजश्री सिंह और उनके पति रूद्र प्रताप सिंह पर उनकी दो भतीजियों ने ज़मीन हड़पने का आरोप लगाया है। दोनों युवतियां बीजेपी विधायक के पति के दिवंगत भाई की बेटियां हैं। दोनों युवतियों का आरोप है कि पिता के देहावसान के उपरांत उनकी चाची और चाचा ने मिलीभगत कर के उनकी ज़मीन गलत हथकंडे अपनाकर हड़प ली है। इन लड़कियों ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान से भी बीजेपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

युवतियों का कहना है कि 4 जून 2020 को उनके पिता लोकेन्द्र प्रताप सिंह का निधन हो गया। निधन के तदोपरांत भाजपा विधायक राज श्री सिंह ने अपने पति के साथ मिलकर फर्जी वसीहत बना ली। और युवतियों के हिस्से की ज़मीन फर्जी तरीके से अपने नाम कर ली है। युवतियों का कहना है कि चाची और चाचा ने उनके पिता की ज़मीन और लघु उद्योग निगम में जमा राशि भी हड़प ली है। 

मुख्यमंत्री हमारी रक्षा करें 
युवतियों का कहना है कि उनकी चाची और चाचा अपने पद और पॉवर का दुरूपयोग कर रहे हैं। हम दोनों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। दोनों बहनों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अपनी विधायक और उनके पति से रक्षा करने की मांग की है। युवतियों ने उनके साथ किए जा रहे अन्याय की सुध लेते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।