भोपाल में BJP MLA का वेयरहाउस ब्लैकलिस्ट, शासकीय खरीदी शुरु होने पहले मिला 6,522 क्विंटल गेहूं

भोपाल में BJP विधायक विष्णु खत्री का भागवती वेयरहाउस को खाद्य विभाग ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यहां सरकारी खरीदी शुरू होने से पहले ही 1.43 करोड़ रुपये का अवैध गेहूं जमा मिला।

Publish: Apr 02, 2026, 06:43 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरसिया क्षेत्र में बीजेपी विधायक विष्णु खत्री से जुड़े भागवती वेयरहाउस को खाद्य विभाग ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। जांच में वेयरहाउस में सरकारी खरीदी शुरू होने से पहले ही 6522.50 क्विंटल गेहूं रखे होने की जानकारी मिली थी। जिसके यह कार्रवाई की गई। इसके चलते इस साल उस वेयरहाउस में गेहूं की सरकारी खरीदी पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। साथ ही बारदाना उपलब्ध कराने वाली सहकारी समिति पर भी ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई हुई है।

खाद्य विभाग को मिली शिकायत के बाद अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर गठित जांच समिति ने पूरे मामले की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि वेयरहाउस में बड़ी मात्रा में गेहूं पहले से ही जमा था। यहां करीब 5 हजार क्विंटल गेहूं नए 50 50 किलो के बोरों में भरे मिले थे। साथ ही करीब 550 क्विंटल गेहूं खुले में रखा हुआ था। इस पूरे स्टॉक की कीमत लगभग 1.43 करोड़ रुपये आंकी गई है।

फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, जिस वेयरहाउस में यह अनियमितता मिली है उसे इस साल की खरीदी प्रक्रिया से अलग कर दिया गया है। साथ ही जिस सहकारी समिति ने बारदाना उपलब्ध कराया था। उसके खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया गया है।

यह भी पढ़ें:AAP ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में उपनेता पद से हटाया, संसद में पार्टी की ओर से बोलने पर भी रोक

जांच रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट हुआ है कि खरीदी शुरू होने से पहले ही किसानों का गेहूं अवैध रूप से वेयरहाउस में जमा किया गया था। जिसकी वजह से गोदाम प्रबंधक और समिति प्रबंधक की मिलीभगत सामने आई है। इसी आधार पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इतना ही नहीं जिन किसानों ने इस वेयरहाउस में गेहूं बेचा था उनसे अब सरकारी खरीदी नहीं की जाएगी और नागरिक आपूर्ति निगम को दिया गया बारदाना वापस लिया जाएगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य विभाग ने क्षेत्र के करीब एक दर्जन अन्य वेयरहाउस की भी जांच की। जांच के दौरान एक अन्य स्थान पर वेयरहाउस के बाहर भी गेहूं का भंडारण पाया गया। उसे भी जांच के दायरे में लिया गया है। इसके अलावा जनपद अध्यक्ष बैरसिया के पति और भाजपा नेता कुबेर सिंह गुर्जर से जुड़े वेयरहाउस की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:MP: जिवाजी यूनिवर्सिटी में फिजिक्स का पेपर लीक, परिक्षा अधीक्षक को किया गया निलंबित

जिला उपार्जन समिति की जांच में यह भी सामने आया कि ग्राम तरावली स्थित भागवती वेयरहाउस यूनिट 2 में पूर्व से रबी मार्केटिंग ईयर 2025-26 का शेष स्टॉक रखा हुआ था। वहीं, नए मार्केटिंग ईयर 2026-27 की खरीदी के लिए सहकारी समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर विनोद सूर्यवंशी को बारदाना जारी किया गया था। जिसका उपयोग नियमों के विरुद्ध किया गया था।

दूसरी ओर भोपाल जिले में गेहूं खरीदी को लेकर किसानों की परेशानी भी सामने आ रही है। बारदाने की कमी के कारण सरकार को खरीदी की समय-सीमा तीन बार बढ़ानी पड़ी है। जिले के 92 में से 85 खरीदी केंद्रों पर बारदाना पहुंच चुका है और प्रत्येक वेयरहाउस में लगभग 6 हजार क्विंटल तक खरीदी की तैयारी की गई है। इसके बावजूद किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। 10 अप्रैल से जिले के सभी केंद्रों पर खरीदी शुरू होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग पर बवाल, कोलार और विजय नगर में सड़क पर उतरे लोग