बुरहानपुर में लगातार दूसरे दिन प्रशासन की कार्रवाई, पानखेड़ा जंगल में अवैध मकानों पर चला बुलडोजर

हाल ही में टास्क फोर्स पर हुए हमले के सिलसिले में हुई कार्रवाई, मुख्य आरोपी फूल सिंह के अड्डे को किया गया ध्वस्त

Publish: Apr 09, 2023, 06:34 PM IST

बुरहानपुर। बुरहानपुर के नेपानगर क्षेत्र में वन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने लगातार दूसरे दिन नेपानगर क्षेत्र में अवैध मकानों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। हाल ही में टास्क फोर्स पर हुए हमले के सिलसिले में यह कार्रवाई की जा रही है। 

पानखेड़ा के जंगल में बने क़रीब 700-800 अवैध टपरियों पर प्रशासन ने कार्रवाई की है। इन्हें ध्वस्त करने के लिए प्रशासन ने कुल आठ बुलडोजर लगाए हैं। वहीं ड्रोन के ज़रिए आसपास की गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही है। 

रविवार को यह कार्रवाई मुख्य तौर पर वन माफिया फूल सिंह पर हुई है। पानखेड़ा जंगल में बने यह अवैध मकान फूल सिंह का अड्डा है। जिसे प्रशासन ध्वस्त कर रही है। फूल सिंह पांच अप्रैल की देर रात बंदूक लूटने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ले जा रही टास्क फोर्स पर 60 की संख्या में लोगों ने हमला कर दिया था और आरोपियों को छुड़ा कर ले गए थे। 

इसी मामले में प्रशासन ने पिछले दो दिनों से कार्रवाई शुरू की हुई है। शनिवार को अतिक्रमणकारी हेमा मेघवाल के भतीजे के अतिक्रमण को सीवल गांव में ध्वस्त किया गया। अब फूल सिंह के ऊपर कार्रवाई जारी है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को राउंड अप किया है और 13 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। 

यह भी पढ़ें : बुरहानपुर में वन विभाग और पुलिस की टीम पर वन माफिया का हमला, तीर और देसी बम फेंककर किया घायल

इससे पहले मार्च महीने में भी वन माफियाओं ने वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया था। वन विभाग की टीम जंगल में वन माफियाओं पर दबिश डालने पहुंची थी लेकिन वन माफियाओं ने देसी बम और तीर से वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया था, जिसके बाद प्रशासन को वहां से वापस लौटना पड़ा था। इस हमले का भी मुख्य सरगना फूल सिंह ही था। बताया जाता है कि फूल सिंह के इशारे पर वन माफिया बुरहानपुर के जंगलों के लाखों पेड़ काट चुके हैं।