हमारे बैंक खातों पर डाका डाला जा रहा है, मोदी सरकार ने आर्थिक आतंकवाद शुरू कर दी है: कांग्रेस

कांग्रेस का आरोप है कि उसके खातों से 65 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डाका डालकर निकाल ली गई ताकि लोकसभा चुनाव से पहले उसे आर्थिक रूप से अपंग बनाया जा सके।

Updated: Feb 22, 2024, 02:21 PM IST

नई दिल्ली। देश की मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ने दावा किया है कि केंद्र के इशारों पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने पार्टी के बैंक अकाउंट से 65 करोड़ से अधिक रूपए निकाल लिए। पार्टी का आरोप है कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि लोकसभा चुनाव से पहले उसे आर्थिक रूप से अपंग बनाया जा सके।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, 'यह स्पष्ट रूप से आर्थिक आतंकवाद है जिसे बीजेपी सरकार ने कांग्रेस पार्टी पर थोपा है। बीजेपी सरकार ने बैंकों को हमारी जमा राशि से लगभग 65.89 करोड़ रुपये सरकार को हस्तांतरित करने के लिए बाध्य किया है। यह राशि AICC, IYC, और NSUI की है। हमने यह पैसा पार्टी के साधारण कार्यकर्ताओं से प्राप्त किया है। संसदीय चुनावों से ठीक पहले इसका क्या अर्थ है? वे मूल रूप से हमारे पैसे को बैंक से चुरा रहे हैं।

वेणुगोपाल ने आगे कहा, 'हम लड़ेंगे। हम अधिकरण के पास गए हैं... हम जनता के पास जायेंगे, क्योंकि जनता ही मालिक है।' हमें यह पैसा आम लोगों और कार्यकर्ताओं से मिला है। लोकसभा चुनाव से पहले मुख्य विपक्षी दल के खातों को एक तरह से हाईजैक कर लिया गया। बुनियादी बात है कि बैंकों से हमारे पैसे चुराए जा रहे हैं... यह चुनाव में विपक्ष को समान अवसर से वंचित करने का प्रयास है।' उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को तानाशाही राज में बदलना चाहती है।

वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को आर्थिक रूप से अपंग बनाने की कोशिश हो रही है। यह सिर्फ कांग्रेस की आर्थिक रूप से हत्या करने का प्रयास नहीं है, बल्कि लोकतंत्र की हत्या है। इस 'टैक्स टेररिस्ट अटैक' के जरिये यह प्रयास हो रहा है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव मजबूती से नहीं लड़ सके।