विदेशी लड़कियों की तरह हैं CM नीतीश, कभी भी बदल लेती हैं बॉयफ्रेंड, कैलाश विजयवर्गीय का विवादित बयान

इंदौर में मीडिया से बात करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- जब बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ तब मैं विदेश में था। वहां, किसी ने मुझसे कहा कि ऐसा तो हमारे यहां होता है कि महिलाएं अक्सर अपना बॉयफ्रेंड बदल देती हैं।

Updated: Aug 19, 2022, 05:42 AM IST

इंदौर। बिहार में सरकार से बाहर किए जाने के बाद देशभर के बीजेपी नेताओं में बौखलाहट देखी जा रही है। सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ बीजेपी लगातार हमलावर है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी बिहार के सीएम नीतीश कुमार को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने नीतीश कुमार की तुलना विदेशी लड़कियों से की है।

इंदौर में मीडिया से बात करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'जब बिहार में सत्ता परिवर्तन हुआ तब मैं विदेश में था। वहां, किसी ने मुझसे कहा कि ऐसा तो हमारे यहां होता है कि महिलाएं अक्सर अपना बॉयफ्रेंड बदल देती हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी यही स्थिति है। यह कोई नहीं जानता है कि वह कब किसका हाथ छोड़ दें और किसका हाथ पकड़ लें।'

यह भी पढ़ें: बिलकिस बानो के रेपिस्ट ब्राह्मण हैं, उनके संस्कार अच्छे हैं: बीजेपी एमएलए का शर्मनाक बयान

कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान पर विपक्ष के कई नेताओं ने आपत्ति भी दर्ज कराई है। कांग्रेस ने कहा कि, 'बीजेपी महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लड़कियों को कभी भी बॉयफ़्रेंड बदलने वाला बताया है। यह एक विकृत नेता की ओछी और गिरी हुई सोच का प्रमाण है। शिवराज जी, ये बेटियों से वैचारिक दुष्कर्म हैं।' 

कांग्रेस नेता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि, 'भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बिहार की नई सरकार की तुलना गर्ल फ़्रेंड के बॉय फ़्रेंड बदलने से कर अपनी महिला विरोधी सोच को एक बार फिर उजागर किया है। इसके पहले भी वे लड़कियों के पहनावे पर बयान बाज़ी कर चुके है। उन्हें इसके लिये माफ़ी माँगना चाहिए।'