चुनावी साल में घोषणा मशीन बने CM शिवराज, प्रतिदिन की तीन घोषणाएं, पूरी कितनी हुई सरकार को पता नहीं

कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा कि सरकार ने इस बात का कोई जवाब नहीं दिया है कि पिछले तीन सालों में की गई कितनी घोषणाएं वास्तव में पूरी हुईं हैं।

Updated: Jul 12, 2023, 01:21 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पूर्व एंटी इनकंबेसी झेल रही शिवराज सरकार जनता को लुभाने के लिए सारे हथकंडे अपना रही है। स्थिति ये है कि मुख्यमंत्री स्वयं घोषणा मशीन बन चुके हैं। चुनावी साल में वह औसतन प्रतिदिन तीन से अधिक घोषणाएं कर रहे हैं। खुद सरकार ने विधानसभा में इस बात की जानकारी दी है।

राज्य सरकार ने कांग्रेस विधायक रामचन्द्र दांगी के एक सवाल के लिखित जवाब में बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले तीन सालों में 2715 घोषणाएं कीं। यानी हर दिन लगभग ढाई घोषणा हालांकि, इनमें कितनी पूरी हुईं, इस बात की जानकारी सरकार को नहीं है। राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को बताया कि सीएम ने जून 2020 और जून 2023 के बीच 2715 घोषणाएं की हैं।

इन कुल 2715 घोषणाओं में से 489 घोषणाएं 2020 (जून से दिसंबर 2020) के छह महीनों में की गईं। अधिकतम 880 घोषणाएं 2021 में की गईं, 753 घोषणाएं 2022 में की गईं। जबकि 2023 के पहले 6 महीने में 592 घोषणाएं की गईं। यानी चुनावी साल में यह औसत हर दिन तीन घोषणा से भी ज्यादा है।

ब्यावरा से कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी ने कहा कि सरकार ने इस बात का कोई जवाब नहीं दिया है कि पिछले तीन सालों में की गई कितनी घोषणाएं वास्तव में पूरी हुईं हैं। दांगी ने कहा, "राज्य सरकार ने जवाब दिया है कि सवाल के अन्य हिस्सों का जवाब देने के लिए जानकारी इकट्ठा की जा रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि कितनी घोषणाएं पूरी की गईं।"