मध्य प्रदेश बंद को सफल बनाने की कमलनाथ की अपील, दिग्विजय सिंह भोपाल में ख़ुद होंगे शामिल

11 दिन से लगातार बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीज़ल के दाम, रसोई गैस की क़ीमतें भी छू रही हैं आसमान, कांग्रेस ने इस महंगाई के ख़िलाफ़ शनिवार 20 फरवरी को किया है मध्य प्रदेश बंद का आह्वान

Updated: Feb 19, 2021, 10:14 AM IST

भोपाल। देश भर में पेट्रोल डीज़ल के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। आज लगातार 11 वें दिन पेट्रोल डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। मध्य प्रदेश में साधारण पेट्रोल भी अब सौ रुपये लीटर बिक रहा है। महंगाई की इस मार के खिलाफ कांग्रेस ने कल यानि शनिवार को मध्य प्रदेश बंद का एलान किया है। प्रदेश के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने लोगों से इस बंद को सफल बनाने की अपील की है। दिग्विजय सिंह ने खुद भोपाल में इस बंद के कार्यक्रम में आगे बढ़कर शामिल होने का एलान भी किया है।

यह भी पढ़ें : बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस की मुहिम, 20 फरवरी को मध्य प्रदेश बंद का एलान

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मध्यप्रदेश की जनता से कल आधे दिन के लिए होने वाले बंद में कांग्रेस पार्टी का साथ देने का आह्वान किया है। कमल नाथ ने अपना एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा है, 'डीज़ल, पेट्रोल और गैस की बढ़ती क़ीमतों से सब परेशान है। सरकार जनता को राहत पहुँचाने के बजाय टैक्स वसूली में लगी है।कांग्रेस पार्टी ने 20 फ़रवरी को बंद का आह्वान किया है। मैं सबसे अपील करता हूँ कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगाने में साथ दें।' 

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी कमल नाथ के संदेश को आगे बढ़ाते हुए कहा है कि वे इस बंद का समर्थन करने के लिए भोपाल में शामिल होंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि सभी लोगों को महंगाई की मार के विरोध में सड़क पर आ कर बंद का समर्थन करना चाहिए।' 

यह भी पढ़ें : देश में लगातार 11वें दिन बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल पहली बार 90 के पार

देश भर में पेट्रोल-डीज़ल के साथ ही साथ रसोई गैस के दाम भी आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल और डीज़ल के बढ़ते दामों की सबसे ज्यादा मार मध्य प्रदेश की जनता को झेलनी पड़ रही है। क्योंकि मध्य प्रदेश पेट्रोल-डीज़ल पर सबसे ज़्यादा वैट वसूलने वाले राज्यों में शामिल है। प्रदेश के अनूपपुर में तो साधारण पेट्रोल भी सौ रुपए से ज़्यादा में मिल रहा है।