कर्नाटक में 40 फीसदी वालों को हराया था, यहां 50 फीसदी वालों को हराएंगे, सागर से कांग्रेस अध्यक्ष का चुनावी शंखनाद

सागर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का बड़ा ऐलान, कहा- मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी तो संत रविदास के नाम से यहां विश्वविद्यालय खोला जाएगा। हम वोट के लिए नहीं, जो करते हैं दिल से करते हैं।

Updated: Aug 22, 2023, 02:10 PM IST

सागर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार को सागर पहुंचे। उन्होंने सागर के कजलीवन मैदान में विशाल जन आक्रोश रैली को संबोधित किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने बुंदेलखंड की धरती से चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि कर्नाटक में हमें 40 फीसदी कमीशन वालों को हराया था, यहां हम 50 फीसदी कमीशन वालों को हराएंगे। खड़गे ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर बुंदेलखंड में संत रविदास के नाम से विश्वविद्यालय खोलने का भी ऐलान किया।

खड़गे ने जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'कमलनाथ जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। इसलिए उनका नाम आखिरी में नाथ है। कमल को मैं छोड़ देता हूं, नाथ को पकड़ता हूं। नाथ मतलब संत। ये नाथ को आपको जिताना है। बुंदेलखंड क्रांतिवीरों और दानवीरों की भूमि है। बुंदेलखंड अपनी आन, बान, शान के लिए मशहूर है। ये बलिदान की भूमि है। केसरी महाराज छत्रसाल, लक्ष्मीबाई और झलकारी बाई को श्रद्धांजलि देता हूं। साबूलाल जैन के योगदान को भी नमन करता हूं। संत रविदास से लेकर आंबेडकर सभी संत और कानून के तौर पर सभी को मदद करने वाले लोग यहां पैदा हुए। आंबेडकर, जिनके नेतृत्व में भारत का संविधान बना। कुछ लोग इसे बदलने की षड्यंत्र रच रहे हैं। हम आज उस संविधान की रक्षा के लिए खड़े हैं।'

खड़गे ने आगे कहा, 'मोदी जी को संत रविदास सिर्फ चुनाव में याद आए। आप 9 साल पीएम रहे और 18 साल में मध्य प्रदेश में आपकी सरकार है। आपको कभी संत रविदास याद नहीं आए। लेकिन आज आप चुनाव के लिए रविदास जी को याद कर रहे हैं। आपका मकसद मंदिर बनाना नहीं वोट खींचना है। मैं वादा करता हूं कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो तो संत रविदास के नाम से एक विश्वविद्यालय यहां खोला जाएगा। ये वोटों के लिए नहीं बल्कि हम जो करते हैं दिल से करते हैं, लोगों के हित के लिए करते हैं। मोदी जी ने यहां मंदिर बनाने का वादा किया लेकिन दिल्ली में 14 अगस्त 2019 को रविदास मंदिर को बुलडोजर लगाकर तोड़ दिया। ये लोग मुख में राम बगल में छुरी वाले लोग हैं।

खड़गे ने इस दौरान गृहमंत्री पर हमला करते हुए कहा, 'अमित शाह ने 53 साल का रिपोर्ट मांगा है। मैं देता हूं कि हमने क्या किया। भिलाई स्टील प्लांट किसने बनाया, इंदिरा सागर डैम, आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर, एम्स भोपाल और मैनिट किसने बनाया? चंबल घाटी प्रोजेक्ट किसने बनाया? हमने लोगों की जिंदगी बनाई, लोगों को रोजगार दिया। नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक हमने क्या किया पूरी दुनिया को मालूम है। तुम झूठ बोलकर सिर्फ गुमराह करते हो। दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। 9 साल में 18 करोड़ नौकरियां मिली क्या? 15 लाख सबके जेब में डालने का बोला था, ये रुपए मिले क्या? पीएम होकर झूठ बोल रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, नहीं हुई। क्या ऐसे लोगों को एमपी में वोट मिलेगा? झूठ बोलकर लोगों के वोट लिए हैं, लेकिन इसबार लोग उनके झूठ को नहीं सुनेंगे।'

 खड़गे ने आगे कहा, 'वे पूछते हैं कांग्रेस ने क्या किया। हमने किया तब तो आप पीएम के कुर्सी पर बैठे हैं। संविधान को हमने बचाकर रखा। नहीं करता तो मोदी शाह और शिवराज कुर्सी पर नहीं होते। आजादी हम लाए, लोकतंत्र हम लाए, संविधान हमने बनाया फिर भी पूछते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया? कांग्रेस के ऊपर भारत को भरोसा है। कर्नाटक में 40 फीसदी कमीशन वालों को हराया था यहां 50 फीसदी वालों को हराएंगे। हम बदला नहीं बदलाव लाएंगे। एमपी में कांग्रेस की सरकार आएगी, कमलनाथ सीएम होंगे, किसानों की कर्जमाफ होगी, एलपीजी सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा, महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने मिलेगा आगे बढ़ाया भी जाएगा। सौ यूनिट बिजली बिल माफ करेंगे, सरकारी कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे।'

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ऐलान करते हुए कहा, 'मैं आपसे वादा करता हूं कि प्रदेश में सरकार आने के बाद हम जातीय जनगणना कराएंगे। इससे मालूम होगा कि कौन से तबके के लोग गरीब हैं, भूमिहीन हैं, अशिक्षित हैं। हम ये करके रहेंगे। मध्य प्रदेश में अंधेरनगरी चौपट राजा है, कमीशन राज है, लूटपाट हो रही है, भ्रष्टाचार राज है। प्रदेश अगर तरक्की करेगा तो कांग्रेस के राज में ही करेगा। यहां आदिवासी के मुंह पर पेशाब किया गया। आरोपी किस पार्टी का आदमी है। फिर उसे पवित्र करने के लिए पैर धोते हैं। इससे मुंह में गया मूत वापस नहीं आएगा।' बता दें कि बुंदेलखंड में 22 फीसदी SC वोटर हैं। इन्हें साधने के लिए प्रदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली सभा के लिए सागर को चुना गया है। इससे पहले 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सागर आ चुके हैं।