चिंता मत कीजिए किसान भाइयों 6 महीने में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है: निमाड़ की धरती से कमलनाथ ने भरी हुंकार

पूर्व डिप्टी सीएम सुभाष यादव की जयंती पर कसरावद में लगा कांग्रेस दिग्गजों का जमावड़ा, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, डॉ गोविंद सिंह, विवेक तन्खा समेत तमाम नेता रहे मौजूद

Updated: Apr 01, 2023, 02:28 PM IST

कसरावद। मध्य प्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव का काउंडाउन शुरू हो गया है। सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी कांग्रेस ने आज सुभाष यादव जयंती के मौके पर निमाड़ क्षेत्र में चुनावी अभियान का आगाज किया। मध्य प्रदेश की सत्ता की चाबी माने जाने वाले निमाड़ में आज कांग्रेस का दम देखने को मिला, जब खरगोन जिले के कसरावद में पार्टी के सभी दिग्गज एक मंच पर साथ आए।

दरअसल, शनिवार 1 अप्रैल को पूर्व डिप्टी सीएम व किसान नेता सुभाष यादव की जयंती उनके गांव
कसरावद के बोरावां गांव में मनाया गया। इस दौरान पीसीसी चीफ कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित दो दर्जन से अधिक विधायक व हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के दौरान अरुण यादव की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।

यह उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा, 'मैने सुभाष जी से बहुत कुछ सीखा कहने में कोई संकोच नहीं है। मुझे कृषि क्षेत्र की कम जानकारी थी इसके बारे में उन्होंने मुझे बताया। वह सहकारिता क्षेत्र के स्तंभ थे। उन्होंने मध्य प्रदेश में सिंचाई के क्षेत्र में उन्होंने एक नई दिशा दी। मुझे खुशी है की अरुण यादव और सचिन यादव भी सुभाष जी के रास्ते पर चल रहे हैं। ये सबसे बड़ी श्रद्धांजलि है जो आप अपने पिता को दे सकते है।'

कमलनाथ ने आगे कहा, 'जब हमारी सरकार आई तो हमें सुभाष यादव कि एक बात याद थी कि मध्य प्रदेश का भविष्य कृषि है। यहां 70 फीसदी अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर है। हमने एक शुरुआत की। खरगोन में 1 लाख 12 हजार किसानों का कर्ज माफ किया। ये तो पहला किस्त था। हमारी सरकार नहीं बची। सौदा हो गया। मैं सीएम था... मैं भी सौदा कर सकता था। लेकिन मैने कहा कि मैं कुर्सी के लिए सौदा नहीं कर सकता।'

उन्होंने किसानों से कहा, 'चिंता मत कीजिए किसान भाइयों 6 महीने में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। सभी किसानों का हम कर्ज माफ करेंगे। ये आज की आवश्यकता है। हमारे कृषि परिवार से जुड़े नौजवान अच्छी पढ़ाई तब ही कर सकते हैं, अच्छे कपड़े तब ही पहन सकते हैं, जब किसानों की जेब में पैसा हो। 
सबसे बड़ी चिंता मुझे नौजवानों की है। आज के नौजवान और 20 साल पहले के नौजवानों में बहुत अंतर है। हमारे बुजुर्गों की दुनिया कुछ और थी, आज के नौजवानों की दुनिया कुछ और है। आज का नौजवान कोई ठेका नहीं चाहता, कोई कमीशन नहीं चाहता, आज का नौजवान तो व्यवसाय का मौका या अपने हाथों को काम चाहता है।'

कमलनाथ ने कहा, 'यही नौजवान हमारे मध्य प्रदेश के भविष्य का निर्माण करेंगे। यदि इनका ही भविष्य अंधेरे में रहा तो प्रदेश का निर्माण कैसा होगा? ये आज सबसे बड़ी चुनौती है। शिवराज जी हर साल कहते हैं कि हम एक लाख नौजवानों को रोजगार देंगे। झूठ पर झूठ बोलते हैं। बिना झूठ बोले उनका खाना नहीं हजम होता। अब चुनाव सामने है तो झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। हम कोई घोषणा नहीं बल्कि आश्वासन दे रहे हैं। कांग्रेस की सरकार आते ही हर महिला को हम 1500 रुपए देंगे। हम गैस सिलेंडर 500 रुपए में देंगे। आज किसान परेशान है, नौजवान परेशान है, माता बहनें असुरक्षित हैं। ये आपका दायित्व है कि आप कैसा मध्य प्रदेश सौंपते हैं अपनी आने वाली पीढ़ियों को। मैं कहता हूं की कांग्रेस या कमलनाथ का नहीं बल्कि आप सच्चाई का साथ दीजिए।'