गुना में बच्ची से रेप के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

गुना जिले के म्याना इलाके में दस साल की बच्ची से रेप का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

Updated: Nov 11, 2024, 12:27 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में दस वर्षीय बच्ची से रेप के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर के बाद अरेस्ट किया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा। यहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने बताया कि केदारनाथ के जंगल में रविवार शाम करीब साढ़े 7 बजे एनकाउंटर हुआ है। 40 वर्षीय आरोपी का नाम मुकेश जाटव है। वह बमोरी थाना क्षेत्र के गढ़ला उजारी गांव का रहने वाला है। एसपी संजीव कुमार सिंहा ने आरोपी ने पुलिस पर दो राउंड फायर किए थे। इसके बाद पुलिस ने आत्म सुरक्षा के लिए फायर किया तो आरोपी के घुटने में चोट आई है। इसको तत्काल मेडिकल इमरजेंसी में हॉस्पिटल लाया गया। फिलहाल वह भर्ती है।

बताया जा रहा है कि पुलिस की दो टीमें लगातार आरोपी को तलाश में लगी हुईं थी। रविवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी को बाइक से केदारनाथ की ओर जाते हुए देखा गया है। दोनों टीमें इसके पीछे लग गईं। केदारनाथ के जंगल में पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर ली। इसी दौरान आरोपी ने बाइक को पटक दिया। पुलिस ने उसे घेर लिया और सरेंडर करने को कहा, तभी उसने पुलिस पर दो राउंड फायर कर दिए। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी फायर किया और गोली इसके पैर में लगी, जिससे आरोपी वहीं गिर गया।

बता दें कि बुधवार की रात म्याना थाना क्षेत्र में नाबालिग से रेप की वारदात हुई थी। बच्ची जंगल में बेसुध मिली थी। उसके शरीर पर कपड़ा भी नहीं था। आरोपी मुकेश ने इससे पहले एक नवंबर को 10 साल की ही एक दूसरी बच्ची से रेप की कोशिश की थी। ये घटना सिरसी इलाके में हुई थी। इस मामले में वह फरार चल रहा था। इस बीच उसने बुधवार को म्याना इलाके में 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म की वारदात कर डाली।