ओडिशा के तट से टकराया चक्रवाती तूफान दाना, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में असर
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'दाना' ने गुरुवार रात लगभग 12:30 बजे ओडिशा के तट से टकराया। 'दाना' तूफान का असर ओडिशा के अलावा देश के अन्य सात राज्यों में भी महसूस किया जा रहा है।
बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'दाना' ने गुरुवार रात लगभग 12:30 बजे ओडिशा के तट से टकराया। यह तूफान केंद्रपाड़ा जिले के भितरकनिका और भद्रक जिले के धामरा के बीच से करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरा। हालांकि, सुबह 6 बजे तक इसकी रफ्तार काफी कम होकर 10 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई। तूफान के कारण ओडिशा के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है और तूफानी हवाओं की वजह से कई जगहों पर पेड़ गिर गए हैं।
तूफान के मद्देनजर प्रशासन ने करीब 5.84 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है ताकि जान-माल का नुकसान कम से कम हो। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी हैं और कई जगहों पर पानी भरने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
'दाना' तूफान का असर ओडिशा के अलावा देश के अन्य सात राज्यों में भी महसूस किया जा रहा है। वहीं मध्यप्रदेश में अगले दो दिन तक इसका असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 अक्टूबर को प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में, जैसे जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, अनूपपुर और शहडोल जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, राज्य के अन्य बड़े शहरों जैसे भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में मौसम साफ रहेगा और धूप खिली रहेगी।
तूफान के प्रभाव से प्रदेश के कई इलाकों में हवा की रफ्तार बढ़ गई है, जो इस समय 25 से 39 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच है। इससे लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर खुले क्षेत्रों में। गुरुवार को मध्यप्रदेश के कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा बैतूल में 28.2 डिग्री और मलाजखंड में 27.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहा, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
मध्यप्रदेश से मानसून की विदाई 15 अक्टूबर को हो चुकी थी, लेकिन चक्रवाती तूफान और सिस्टम की सक्रियता के कारण कई जिलों में बारिश का सिलसिला अब भी जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान देवास, सीहोर, उज्जैन, इंदौर, खंडवा, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी और छिंदवाड़ा में हल्की बारिश दर्ज की गई है।