सतना में खून से लथपथ मिली महिला की लाश, सिर कुचलकर की गई हत्या, जांच में जुटी पुलिस
सतना जिले के जसो थाना अंतर्गत गुंझीर गांव के पहाड़ी इलाके में खून से लथपथ महिला की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई।

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के जसो थाना अंतर्गत गुंझीर गांव के पहाड़ी इलाके में खून से लथपथ महिला की लाश मिलने से सनसनी फ़ैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही एफएसएल की टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल की। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
मृतिका का नाम 57 वर्षीय कल्ली पटेल है। महिला विधवा थी और अकेले ही रहती थी। महिला का शव उसकी झोपड़ीनुमा घर से कुछ दूरी पर खेत में औंधे मुंह पड़ा था। घटनास्थल परसानिया पठार में आता है जो जसो थाना मुख्यालय से 42 किमी दूर है।
महिला के सिर में पत्थर से दो से तीन वार किए गए हैं। जिससे उसकी मौत हुई है। मौके पर ही दो बड़े-बड़े पत्थर मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला के सिर पर पत्थर पटके गए। फॉरेंसिक एक्सपर्ट के अनुसार घटनास्थल पर स्ट्रगल के निशान मिले हैं। महिला ने हत्या से पहले बदमाशों से संघर्ष किया होगा। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।