ब्रह्मलीन जगतगुरु स्वामी स्वरूपानंद को श्रद्धांजलि देने पहुंचे दिग्विजय सिंह, परमहंसी गंगा आश्रम में दिग्गजों का जमावड़ा

ब्रम्हलीन जगतगुरु शंकरचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज की तेरहवीं पर नरसिंहपुर के परमहंसी गंगा आश्रम में दिग्गजों का जमावड़ा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल, वीडी शर्मा, प्रह्लाद पटेल समेत कई गणमान्य भक्तों ने दी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Updated: Sep 23, 2022, 11:59 AM IST

नरसिंहपुर। ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज की तेरहवीं के मौके पर शुक्रवार को नरसिंहपुर में दिग्गजों का जमावड़ा देखने को मिला। तमाम दलों के वरिष्ठ नेता व देश विदेश से भक्त उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर जारी गहमागहमी के बीच उनके परम शिष्य दिग्विजय सिंह भी परमहंसी गंगा आश्रम पहुंचे।

दिग्विजय सिंह ने अपने श्रद्धेय गुरु स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित कर वहां मौजूद संतों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। सिंह के अलावा कांग्रेस नेताओं में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी यहां पहुंचे थे। उधर बीजेपी नेताओं में सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल में श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें: भाजपा नेता ने कार में युवती से किया बलात्कार, नौकरी का झांसा देकर जबलपुर से लाया था भोपाल

जबलपुर में दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि, 'सरकार की गलत नीतियों की वजह से बेरोजगारी बढ़ रही है।पब्लिक सेक्टर बेचे जा रहे हैं।' आरएसएस चीफ मोहन भागवत के मुस्लिम नेता से मिलने और मस्जिद जाने के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर है। अब संघ प्रमुख को मुसलमानों से मिलने जाना पड़ रहा है।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर पूछे जाने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि, 'मैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं हूं। लेकिन हां पार्टी के आदेश और निर्देश से बंधा हूं। पार्टी हाई कमान से जैसा निर्देश मिलेगा मैं वैसा करूंगा।' दिग्विजय सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए अशोक गहलोत के नाम का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि गहलोत बेदाग छवि ले नेता हैं।