नलखेड़ा सिद्ध शक्तिपीठ पहुंचे दिग्विजय सिंह, राजसत्ता की अधिष्ठात्री देवी मां बगलामुखी का किया अनुष्ठान
राजगढ़ फतह के लिए मां बगलामुखी के शरण में पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, नलखेड़ा में मां बगलामुखी माता की पूजा कर वादा निभाओ पदयात्रा का किया शुरुआत

नलखेड़ा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस बार लोकसभा चुनाव में राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से मैदान में हैं। राजगढ़ फतह के लिए पूर्व सीएम ने आज से 'वादा निभाओ पदयात्रा' की शुरुआत की है। यात्रा पर निकलने से पहले सिंह में राजसत्ता और शत्रु नाश की अधिष्ठात्री देवी मां बगलामुखी का आशीर्वाद लिया।
रविवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र की सुसनेर विधानसभा में स्थित नलखेड़ा सिद्ध शक्तिपीठ पहुंचे। माता बगलामुखी का यह मंदिर मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के नलखेड़ा कस्बे में लखुन्दर नदी के किनारे स्थित है। यह मन्दिर तीन मुखों वाली त्रिशक्ति बगलामुखी देवी को समर्पित है। यहां सिंह ने बगलामुखी माता की विशेष अनुष्ठान कर चुनाव में सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। सिंह इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में हवन करते नजर आए।
#MP #Rajgarh#वादा_निभाओ_पदयात्रा पर निकलने से पहले नलखेड़ा सिद्ध शक्तिपीठ पहुंचे दिग्विजय सिंह
— Humsamvet (@humsamvet) March 31, 2024
शत्रु नाश और राजसत्ता की अधिष्ठात्री देवी मां बगलामुखी का किया अनुष्ठान
मान्यता है कि युधिष्ठिर ने महाभारत में विजय के उद्देश्य से इस मंदिर की स्थापना की थी। #LokSabhaElection2024 pic.twitter.com/PFKYCEyatV
मान्यता है कि द्वापर युग में इस मंदिर की स्थापना महाभारत में विजय के उद्देश्य से भगवान कृष्ण की सलाह पर युधिष्ठिर ने की थी। पीतांबरा पीठ पर मां बगुलामुखी से विजय का आशिर्वाद मांगकर शीर्ष दलों के कई नेता चुनाव अभियान की शुरूआत करते आए हैं। राजसत्ता प्राप्ति में मां की पूजा का विशेष महत्व होता है।
माता पूजन के उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने नलखेड़ा में बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे और यहां उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने अपनी पदयात्रा शुरू की।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी ने आज राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के नलखेड़ा में बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने का संकल्प लिया। #SaveConstitution #SaveDemocracySaveIndia @digvijaya_28 pic.twitter.com/wz88p8dV1O
— Rajgarh Lok Sabha (@Rajgarhloksabha) March 31, 2024
सिंह पहले दिन 21 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। यात्रा चौक बाजार, कचनारिया, पिपलिया सेंत, रामनगर होते हुए दोपहर में भिड़ोन पहुंचेगी जहां विश्राम करेंगे। इसके बाद यात्रा गुराडियाखाती, टिकोन और मोहना गांव पहुंचेगी। यहां दिग्विजय सिंह नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद रात्रि विश्राम कुआंखेड़ीगांव में किया जाएगा।