राव देशराज सिंह की प्रतिमा अनावरण करने मुंगावली पहुंचे दिग्विजय सिंह, कहा- जनता बदलाव चाहती है

कांग्रेस ने जनता के हाथों में सत्ता सौंपी। मैंने अपने कार्यकाल में पंचायतों को अधिकार दिए थे, पंचायत के अंदर नामांकन और बंटवारा हो जाता था। भाजपा ने पंचायतों से सारे अधिकार छीन लिए: दिग्विजय सिंह

Updated: Oct 20, 2023, 07:23 PM IST

मुंगावली। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को अशोकनगर जिले के मुंगावली पहुंचे। पूर्व सीएम ने यहां आमरौद में राव देशराज सिंह की प्रतिमा अनावरण किया। इस दौरान राघौगढ़ से कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और मुंगावली से कांग्रेस प्रत्याशी राव यादवेंद्र सिंह भी मौजूद रहे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने इस दौरान कहा कि जनता बदलाव चाहती है। वहीं, जयवर्धन सिंह ने कहा कि राघौगढ़ परिवार हमेशा राव परिवार के साथ रहेगा।

दरअसल, कांग्रेस ने भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुए राव यादवेंद्र सिंह को अशोकनगर के मुंगावली सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। राव यादवेंद्र सिंह के पिता राव देशराज सिंह जिले के कद्दावर नेताओं में शुमार थे। शुक्रवार को आमरौद में उनका प्रतिमा अनावरण किया गया। इस दौरान पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह वहां मौजूद जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की राजनीति में अधिकांश लोग पैसा कमाने के लिए आते हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो जनता की सेवा करते हैं। नर सेवा ही नारायण सेवा है।

यह भी पढ़ें: महंगाई से है बुरा हाल और कर्ज़ा बढ़ गया अपरंपार, शिवराज सरकार पर बरसीं कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत

पूर्व सीएम ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, 'पिछले 20 साल से जनता को शिवराज सिंह चौहान और भाजपा ठग रही है। बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, बड़े- बड़े वादे करते और जब चुनाव आता है तो हिंदू-मुसलमान करके धर्म की बात करते हैं। ये कोई धार्मिक लोग नहीं हैं बल्कि धर्म के नाम पर चंदा वसूलकर कर सौदा करते हैं। हमारा धर्म सबके लिए है और इस धर्म के कोई ऊंच-नीच नहीं है। छुआ-छूत भी बाद में आई। हमारे धर्म में कर्म से व्यक्ति को वर्ग में डाला जाता है। कांग्रेस ने हमेशा सबको समान अवसर दिया और भारतीय संविधान में उन्हें भी आगे आने का मौका दिया जिन्हें इतिहास में अवसर नहीं मिला था।' 

सिंह ने आगे कहा, ' कांग्रेस ने हमेशा गरीबों की सहायता की, किसानों की सहायता की और मजदूरों की सहायता की। हमने सत्ता का विकेंद्रीकरण किया। जनता के हाथों में सत्ता सौंपी। मेरे कार्यकाल में पंचायतों के सारे अधिकार दिए गए। पंचायत के अंदर ही नामांकन और बंटवारा हो जाता था। आज उसमें कितना पैसा लगता है आप भली भांति जानते हैं। भाजपा सरकार ने पंचायतों से सारे अधिकार छीन लिए। जनता बदलाव चाहती है। बदलाव होना भी चाहिए क्योंकि बदलाव नहीं होगा शासकों के मन में ये बैठ जाएगा की हमें कोई हटा नहीं सकता।'

उम्मीदवारों के चयन को लेकर पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सर्वे के आधार पर टिकट देने को कोशिश की है। हमें उम्मीद है कि 17 नवंबर को होने वाले चुनाव में आप सब एक जुट होकर कांग्रेस को वोट देंगे कमलनाथ को सीएम बनाएंगे। उन्होंने कहा, 'कमलनाथ जो वादा करते हैं उसे निभाते भी हैं। 2018 में शपथ लेते ही उन्होंने सबसे पहला आदेश दिया कि किसानों का कर्जा माफ होगा। हमें विश्वास है कि आप अशोकनगर की तीनों सीट कर हमें जीत दिलाएंगे।'

यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस के 229 प्रत्याशी घोषित, 6 विधायकों के टिकट कटे, 170 से अधिक सीटें जीतने का दावा

इस दौरान राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि, 'साल 2018 में सिंधिया पार्टी छोड़कर चले गए। मैं विचार करता था की आखिर ऐसा क्यों हुआ। क्या कमलनाथ जी की कोई गलती थी? लेकिन आज मुझे विश्वास हो गया की ईश्वर जो करता है सही के लिए करता है। अब समय आ गया है जब अशोक नगर, मुंगावली और चंदेरी का भविष्य आपके हाथों में है।  जबतक ये जान है राघौगढ़ परिवार हमेशा राव परिवार के साथ रहेगा।'

जयवर्धन सिंह ने आगे कहा, 'जब दिग्विजय सिंह मुख्यमंत्री थे तो सहकारी बैंकों के चुनाव होते थे, मंडियों के चुनवा होते थे, सोसायटी के चुनाव होते थे। लेकिन भाजपा सरकार में पिछले दस-बारह साल से चुनाव नहीं हुए। अगर चुनाव होते तो मंडियों पर किसान हावी होते, सहकारी बैंकों पर किसान हावी होते। लेकिन चुनाव नहीं होने के कारण मंडी, बैंक और सोसायटी पर भाजपा के दलाल हावी हैं। हमारी सोच है कि सरकार आने तक हम सिर्फ कर्जमाफी तक सीमित नहीं रहेंगे, सरकार बनेगी तो पूरे मध्य प्रदेश में गेहूं की खरीदी 1900 में नहीं 2600 रुपए में होगी। धान की खरीदी 2500 रुपए में होगी। जो भी पुराने बिजली बिल बकाया हैं उसे माफ किया जाएगा।' 

जयवर्धन सिंह ने आगे कहा, 'आज लोगों के बीच ये
चर्चा है की 18 साल में मामू को कभी लाडली बहनों की याद नहीं है। जब जमीन खिसकने लगी तो बहनों की याद आ गई। पहले कहा कि सबको पैसा मिलेगा लेकिन बाद में कहा कि 60 से ऊपर वालों को नहीं मिलेगा। आज 70 फीसदी महिलाओ को लाडली बहना योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कांग्रेस सरकार आते ही नारी सम्मान योजना के तहत हर मां-बहन को 1500 रुपए देगी। ये हमारा वादा है।'