इंदौर नगर निगम से सस्पेंड ARO के घर EOW का छापा, एक बंगला, 4 फ्लैट और 2 प्लॉट के दस्तावेज मिले
इंदौर निगम अधिकारी राजेश परमार के घर और ऑफिस पर शुक्रवार सुबह ईओडब्ल्यू ने छापा मारा है। अब तक एक बंगला, 4 फ्लैट और 2 प्लॉट के दस्तावेज टीम को मिले हैं।

इंदौर। इंदौर निगम अधिकारी राजेश परमार के घर और ऑफिस पर शुक्रवार सुबह EOW (आर्थिक अपराध शाखा) ने छापा मारा है। शुरुआती जांच में टीम को एक बंगला, 4 फ्लैट और 2 प्लॉट के दस्तावेज मिले टीम को मिले हैं। आगे की जांच अभी जारी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम सर्वे का काम कर रही है। इंदौर के बिजलपुर की आवास कॉलोनी में निगम राजस्व अधिकारी राजेश परमार के घर पर टीम सर्चिंग कर रही है। टीम ने स्थानीय पुलिस की भी मदद ली है। बताया जा रहा है की ईओडब्ल्यू की एक टीम परमार के ऑफिस भी पहुंची थी, जो बंद मिला था।
यह भी पढे़ं: मुरैना में रेत माफियाओं के हौसले बुलंद, पुलिस की घेराबंदी के बीच रेत से भरी ट्रैक्टर छुड़ा ले गए
ईओडब्ल्यू डीएसपी मधुर रीना गौड़ ने बताया कि राजेश परमार के पास आय से अधिक संपत्ति की शिकायत दर्ज होने पर कार्रवाई की गई है। राजेश के निवास पर छापा मारा है। एक टीम श्रीजी वैली, बिचौली मर्दाना में भी जांच कर रही है। अब तक कुछ संपत्ति के दस्तावेज मिले हैं। जांच अभी जारी है इसलिए संपत्ति की सटीक राशि फिलहाल नहीं बताई जा सकती। हालांकि यह करोड़ों में हो सकती है।
राजेश परमार को हाल ही में आयुक्त नगर निगम ने अनियमितता के आरोप में निलंबित किया था। राजेश परमार पहले बेलदार पद पर भर्ती हुआ था, बाद में प्रमोशन पाकर सहायक राजस्व अधिकारी बना। नौकरी के दौरान उसने अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर घर और प्लॉट समेत अन्य प्रॉपर्टी खरीदी। परमार पर बिना अनुमति विदेश यात्रा करने का भी आरोप है।