बीजेपी में व्याप्त हो रहा है हार का डर, सरयू की सौगंध से जीतने का जतन
मध्य प्रदेश के विधायक हरिशंकर खटीक का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें वे बीजेपी कार्यकर्ताओं को चुनाव में धोखा न देने की शपथ दिला रहे हैं।

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव अब 6 महीने ही दूर है। ऐसे में सारे नेता अपने समर्थकों को एकजुट करने में जुट गए हैं। भाजपा के एक विधायक का वीडियो वायरल हो रहा है जो पिछले दिनों अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या गए थे। उन्होंने सरयू नदी में स्नान करते वक्त अपने साथियों को शपथ दिलाई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में बीजेपी विधायक हरिशंकर खटीक और उनके कार्यकर्ता दिखाई दे रहे हैं। इसमें खटीक अपने कार्यकर्ताओं को शपथ दिला रहे हैं कि आगामी चुनाव में कार्यकर्ता उनके साथ किसी तरह का न छल करेंगे और न किसी तरह का धोखा देंगे। कार्यकर्ताओं ने यह शपथ अयोध्या की सरयू नदी में ली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होने के बाद जमकर शेयर किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: साईं बाबा पर टिप्पणी कर फंसे धीरेंद्र शास्त्री, मुंबई के बांद्रा थाने में शिकायत दर्ज
वीडियो रामनवमी का बताया जा रहा है, जो अब को सामने आया। टीकमगढ़ के जतारा से विधायक रामनवमी पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अयोध्या गए थे। वहां उन्होंने सरयू नदी में स्नान किया। इसी दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को हाथ में जल लेकर आगामी विधानसभा चुनाव में धोखा नहीं देने का संकल्प दिलाया। वीडियो में भाजपा नेता एवं दो बार जल उपभोक्ता सिंचाई समिति के अध्यक्ष रहे रूपेश तिवारी भी विधायक के साथ दिखे। तिवारी ने भी चुनाव में धोखा नहीं देने और साथ रहने का संकल्प लिया।
हद है, बीजेपी को अब अपने ही कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं!
— Sangeeta Sharma (@SangeetaCongres) April 3, 2023
भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिला रहे शपथ।
रामनवमी पर अयोध्या की सरयू नदी में खड़े कर दिलाई शपथ।
वीडियो हुआ वायरल! pic.twitter.com/BLLI5JC1MS
इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर तंज भी कसा है। कांग्रेस मीडिया की उपाध्यक्ष संगीता शर्मा ने लिखा, ‘हद है, बीजेपी को अब अपने ही कार्यकर्ताओं पर भरोसा नहीं। भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को दिला रहे शपथ। रामनवमी पर अयोध्या की सरयू नदी में खड़े कर दिलाई शपथ। वीडियो हुआ वायरल।’
बता दें कि विधायक हरिशंकर खटीक साल 2013 में करीब ढाई सौ वोटों से विधानसभा चुनाव हार गए थे। यहां कांग्रेस ने भाजपा के बागी नेता दिनेश अहिरवार को अपना उम्मीदवार बनाया था। वे यहां से विधायक बने थे। हालांकि इसके पहले 2008 में जतारा विधानसभा से चुनाव जीतकर विधायक बने हरिशंकर खटीक राज्यमंत्री भी बनाए गए थे। 2013 में जीत-हार का अंतर बहुत कम होने के बाद हरिशंकर खटीक ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर भितरघात के आरोप लगाए थे।