मंडला में ट्रक और बोलरो के बीच भीषण टक्कर, 3 महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत

हादसा मंडला जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर मंडला बिछिया क्षेत्र से गुजरात वाले नेशनल हाईवे (NH-30) में बरखेड़ा के पास हुआ।

Updated: Sep 27, 2023, 05:10 PM IST

image courtesy- Dainik bhaskar
image courtesy- Dainik bhaskar

मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताएं जा रहे है। खबरों के अनुसार यह हादसा मंडला जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर मंडला बिछिया क्षेत्र से गुजरात वाले नेशनल हाईवे (NH-30) में बरखेड़ा के पास हुआ। तेज रफ्तार में रायपुर से आ रहे लोहे से लदे ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। 

टक्कर के बाद ट्रक पलट गया। बोलेरो में सवार चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे। जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इनमें तीन महिलाएं और बोलेरो चालक शामिल है। इसके अलावा एक महिला और पुरुष बुरी तरह से घायल हो गया जिन्हें स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

इस बारे में जानकारी देते हुए बिछिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह धुर्वे ने बताया कि देर रात लगभग 1:00 बजे डोगरा ग्राम के यादव परिवार मंडला स्थित योगीराज अस्पताल में अपने बीमार परिजन को भर्ती करवा कर वापस लौट रहे थे। मंडला बिछिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर औरई से कुछ दूर आगे बरखेड़ा गांव के पास तेज गति से आ रहे ट्रक ने सामने से आ रहे बोलेरो वाहन को टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों में लक्ष्मी बाई, रानी बाई, सुभद्राबाई यादव और बोलेरो चालक दुर्गेश शामिल हैं। घायलों के नाम इंद्रेश उईके और इंदिरा बाई यादव बताए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।