पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर में FIR, RSS की छवि खराब करने का आरोप

इंदौर के तुकोगंज पुलिस थाने में एक शिकायती आवेदन के आधार पर पुलिस ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ धारा 153 ए, 469 ,500, 505 आइपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Updated: Jul 09, 2023, 12:38 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर में एक एफआईआर दर्ज की गई है। सिंह पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है। दरअसल, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने RSS को निशाने पर लेते हुए एक पोस्टर ट्वीट किया था। इसी मामले में एक शिकायती आवेदन पर दिग्विजय सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

सिंह के खिलाफ यह एफआईआर शनिवार देर रात तुकोगंज थाने में एडवोकेट राजेश जोशी ने दर्ज कराई है। जोशी ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने गोलवलकर को लेकर एक तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर के नीचे लिखे कमेंट में गोलवलकर को मुस्लिम और दलित विरोधी बताया है। आरएसएस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पोस्ट और जानकारी गलत है। इस ट्वीट के बाद शनिवार देर रात 11.30 बजे दिग्विजय सिंह पर धारा 153 ए, 469 ,500,505 आइपीसी के तहत् अपराध क्रमांक 311 /23 दिनांक 8/7/23 को दर्ज किया गया।

दरअसल, दिग्विजय सिंह ने शनिवार को एक ट्वीट करते हुए लोगों से आरएसएस के द्वितीय सरसंघचालक गोलवलकर की विचारधारा को जानने का अपील की थी। इसके लिए उन्होंने एक एक कटिंग भी शेयर की थी जिसमें कथित तौर पर गोवलकर की ओर से कही गई लाइनें लिखी गई है। कटिंग में गोलवलकर द्वारा लिखी गई किताब ‘वी एंड अवर नेशनहुड आईडेंटिफाइड’ का हवाला देते हुए लिखा गया है कि जब भी सत्ता हाथ लगे तो सबसे पहले सरकार की धन की संपत्ति, राज्यों की जमीन और जंगल अपने दो-तीन विश्वसनीय धनी लोगों को सौंप दें। 95 फीसदी जनता को भिखारी बना दें, उसके बाद सात जन्मों तक सत्ता हाथ से नही जाएगी।