ग्वालियर में पूर्व DGP की नातिन की हत्या, सहेली के प्रेमी ने मारी गोली

मृत छात्रा प्रदेश के पूर्व DGP सुरेंद्र सिंह यादव की नातिन है। हमलावर तीन से चार बताए जा रहे हैं। वे छात्रा की सहेली को मारने आए थे। गोली छात्रा को लग गई।

Updated: Jul 11, 2023, 10:34 AM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सरेराह एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृत छात्रा प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) सुरेंद्र सिंह यादव की नातिन है। वह सोमवार रात जब शॉपिंग कर घर लौट रही थी तभी बदमाशों ने फायरिंग कर दी।

घटना मेस्कॉट हॉस्पिटल के पास तिलक नगर की है। 12 जुलाई को छात्रा का जन्मदिन था। वह पिता से अपने लिए कपड़े खरीदने के लिए रुपए भी लेकर गई थी। छात्रा सोमवार रात 8 बजे अपनी सहेली के साथ एक्टिवा पर बर्थडे की शॉपिंग कर घर लौट रही थी। वह सिंधी कॉलोनी के पास मेन रोड पर पहुंची ही थीं, तभी पीछे से बाइक पर आए हमलावरों ने उनके सामने गाड़ी रोकी और कट्‌टे से गोली मार दी। गोली छात्रा के सीने और हाथ में लगी।

हमलावर तीन से चार बताए जा रहे हैं। वे छात्रा की सहेली को मारने आए थे। गोली छात्रा को लग गई। हत्या का संदेह सुमित रावत और उसके साथियों पर है। परिवार के अनुसार सुमित काफी समय से दोनों छात्राओं को परेशान कर रहा था। पुलिस सुमित की तलाश में दबिश दे रही है। स्थानीय लोगों कर मुताबिक गोली मारने के बाद हमलावर सिंधी काॅलोनी तिराहे की ओर भागे थे।

घटना की चश्मदीद छात्रा सोनाक्षी ने पुलिस को बताया कि हमलावर चार थे। वे दो बाइक पर थे। गोली मारने वाले कौन थे, नहीं पता। सभी चेहरा ढंके हुए थे। उसने पुलिस को यह भी बताया कि हमलावर हमले से कुछ देर पहले ही उनके पीछे आए थे। SSP राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।