ग्वालियर में गणपति हुए सड़क हादसे के शिकार, जुलूस में भक्तों पर गिरी 25 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा
घटना के बाद हंगामा हो गया। गणेश प्रतिमा स्थापित करने वाले जाम लगाकर गड्ढे के लिए जिम्मेदारों पर एफआईआर कराने अड़ गए। 2 घंटे तक हंगामा चला।

ग्वालियर। मध्य प्रदेश में बदहाल सड़कों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। सड़कों की जर्जर हालत से अब इंसानों से साथ भगवान भी हादसों के शिकार हो रहे हैं। ग्वालियर में रविवार को स्थापना के लिए ले जाई जा रही गणेश जी की प्रतिमा अचानक गिर गई। इसके नीचे कई भक्त आ गए और घायल हो गए।
यह गणेश प्रतिमा शहर के शिंदे की छावनी खल्लासीपुरा में स्थापित होनी थी। शनिवार रात 12 बजे भक्त मंडल के सदस्य जीवाजीगंज से गणेश प्रतिमा को लेकर निकले थे। 20 घंटे में बिजली के तार और सड़क के गड्ढे बचाते हुए प्रतिमा को सिर्फ 2 किलोमीटर तक ही ला पाए थे, रविवार रात 8 बजे नवाब साहब के कुएं के पास हादसा हो गया।
बताया जा रहा है कि 25 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा जिस ट्रोले में रखकर ले जाई जा रही थी, उसका पहिया गड्ढे में फंसने से ट्रोला का बैलेंस बिगड़ गया। इसके कारण अचावक से गणेश जी की प्रतिमा गिर गई। इसमें एक दर्जन भक्त दब भी गए। हालांकि भीड़ ने फटाफट प्रयास करके इन सभी को निकाल लिया। खुशकिस्मती रही कि इनमें से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। वहां हजारों लोग जमा हो गए।
ग्वालियर की शिंदे की छावनी में स्थापना के लिए जा रही शहर की सबसे बड़ी 25 फीट की विशाल गणेश प्रतिमा सड़क पर गड्ढें होने की वजह से गिरकर खंडित हो गई । pic.twitter.com/bdV5YKAM22
— Arun Subhashchandra Yadav (@MPArunYadav) September 9, 2024
घटना के बाद नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। वहां हजारों लोग जमा हो गए। वे जाम लगाकर गड्ढे के लिए जिम्मेदारों पर एफआईआर कराने अड़ गए। 2 घंटे तक हंगामा चला। इसके बाद पुलिस पहुंची और खंडित मूर्ति को विसर्जित कराने का इंतजाम कर उनकी सभी मांगों पर एक्शन लेने का आश्वासन दिया।
गड्ढे के कारण प्रतिमा के खंडित होने पर ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर ने कहा कि शिंदे की छावनी की सड़क सही है, लेकिन जहां गड्ढे से हादसा हुआ है, यहां किसी एजेंसी ने खुदाई की है। हम पता लगा रहे हैं कि यहां खुदाई किसने की थी। लापरवाही पर एक्शन लिया जाएगा।