सहकारी डेयरी ब्रांड सांची को अमूल पर आश्रित न बनाए सरकार, दिग्विजय सिंह ने सीएम मोहन को लिखा पत्र

एन.डी.डी.बी. को सौंपने के पश्चात सांची दुग्ध संघ से जुड़े किसानों और कर्मचारियो के हितों का हनन नही होना चाहिये: दिग्विजय सिंह

Updated: Jan 15, 2025, 03:57 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के सहकारी डेयरी ब्रांड सांची को लेकर एक बार फिर राज्य की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। सिंह ने कहा है कि सरकार सहकारी डेयरी ब्रांड सांची को अमूल पर आश्रित न बनाए। 

सीएम मोहन यादव को संबोधित पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने लिखा है, 'समस्त दुग्ध प्रदायक, साँची दुग्ध संघ, भोपाल, मध्य प्रदेश का आवेदन पत्र मूलतः संलग्न है। आवेदकगण ने अवगत कराया है कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा सॉची दुग्ध संघ भोपाल को एन.डी.डी.बी. को सुधार हेतु सौंपा जा रहा है। आवेदकों ने म.प्र. शासन से दुग्ध संघ से जुड़े किसानों एवं कर्मचारियों के हितों को निम्नलिखित सुझाव अनुसार संरक्षित रखे जाने का निवेदन किया है।'

दुग्ध प्रदायकों की मांग

1. एन.डी.डी.बी. को सौंपने के पश्चात दुग्ध संघ से जुड़े किसानों और कर्मचारियो के हितों का हनन नही होना चाहिए।

2. अमूल पर आश्रित बनाकर ना छोड़ा जाए।

3. एन.डी.डी.बी. से मिलकर बनाई गई समिति में संघ से जुडे़ किसान प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए।

4. भोपाल दुग्ध संघ द्वारा किसानों को अन्य जिलों की अपेक्षा कम मूल्य दिया जा रहा है जिसे बढ़ाया जाना चाहिए।

5. राजगढ़ जिले सहित पूरे प्रदेश में दूध में मिलावट करने वाले खुलेआम कारोबार चला रहे हैं इनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही किया जाना चाहिए।

6. दूध पर 5 रूपये बोनस देने का वादा किया गया था जो आज दिनांक तक लंबित है।

दिग्विजय सिंह ने सीएम यादव से अनुरोध किया है कि साँची दुग्ध संघ भोपाल से जुड़े किसानों एवं कर्मचारियों की पत्र में उल्लेखित बिन्दुवार समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित को समुचित निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें। बता दें कि मध्य प्रदेश के डेयरी ब्रांड सांची का संचालन और प्रबंधन अब अगले 5 साल तक केंद्र सरकार का उपक्रम नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) करेगा। ऐसे में विपक्ष द्वारा लगातार आरोप लगाया जा रहा है कि यह पूरा खेल अमूल को फायदा दिलाने के लिए रचा गया है।