ACP के सामने भाजपाइयों की गुंडागर्दी, विजयवर्गीय के गुर्गों ने पुलिस थाने में संजय शुक्ला के साथ की बदसलूकी

महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला, पुलिस थाने में आ धमके विजयवर्गीय के गुर्गे, शुक्ला के साथ विवाद करने की थी कोशिश, पुलिस ने किसी तरह हाथपाई होने से रोका।

Updated: Nov 16, 2023, 01:58 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने में अब कुछ घंटे ही शेष हैं। चुनाव से पूर्व प्रदेश के कई हिस्सों से हिंसा और सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों द्वारा गुंडागर्दी करने की खबरें सामने आ रही है। इंदौर 1 विधानसभा क्षेत्र से ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां कैलाश विजयवर्गीय के गुर्गों ने पुलिस थाने में घुसकर ACP के सामने कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के साथ बदसलूकी की।

दरअसल, इंदौर 1 विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। संजय शुक्ला पुलिस कर्मियों ने पुलिस अधिकारी को बताया कि जब उनकी महिला कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रचार कर रही थी तब उनसे छेड़छाड़ की गई। जब महिलाएं थाने पहुंची तो उनकी शिकायत नहीं सुनी गई। जिसके बाद संजय शुक्ला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज करने की मांग की।

संजय शुक्ला पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर ही रहे थे की वहां थाने में विजयवर्गीय के गुर्गे घुस आए। इस दौरान शुक्ला पुलिस को बता रहे थे कि पंचशील नगर में शराब और पैसे, कंबल बांटे जा रहे हैं। क्षेत्र के 100 लोग इस बात की पुष्टि कर देंगे कि उन्हें पैसे मिले हैं। इसी बीच कैलाश विजयवर्गीय के गुर्गे ने उनसे कहा कि आपके खिलाफ भी 100 लोग मिल जाएंगे। इसपर संजय शुक्ला ने कहा कि मैं आपसे बात नहीं कर रहा हूं। जिसके बाद दोनों के समर्थकों के बीच झूमा झटकी होने लगी और माहौल गर्म हो गया।

इस दौरान ACP सहित थाने में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को किसी तरह भिड़ने से रोका और उन्हें थाने से बाहर किया। पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुक्ला ने बताया कि एरोड्रम थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर भाजपाइयों द्वारा महिलाओं के साथ छेड़छाड़ किया गया। मामले की शिकायत करने के लिए जब महिलाएं एरोड्रम थाने पर पहुंची। तो पुलिस ने 3 घंटे तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसीलिए वे थाने पहुंचे थे।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला ने कहा, 'भाजपा प्रत्याशी कैलाश विजयवर्गीय दिखाने के लिए तो नशे का विरोध कर रहे हैं लेकिन चुनाव जीतने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में उनके समर्थकों के द्वारा शराब बांटी जा रही हैं। वह विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 की तरह इस विधानसभा क्षेत्र को भी नशे के अड्डे के रूप में परिवर्तित कर देना चाहते हैं। छेड़छाड़ की यह घटना अपने आपमें गंभीर किस्म का अपराध है। मैं पहले दिन से कह रहा हूं कि जो व्यक्ति चुनाव लड़ने के लिए आया है वह अपराधियों का संरक्षण दाता है। ऐसा व्यक्ति यदि इस क्षेत्र से जनता का समर्थन हासिल करेगा तो यहां चंदे का धंधा होगा। लोगों के मकान पर कब्जे होंगे और गुंडागर्दी वैसी ही होगी जैसी आज हुई है।