इंदौर में अब मिला तिरंगे से रंगा हुआ घोड़ा, मेनका गांधी के एनजीओ ने दर्ज कराई शिकायत

इंदौर के राऊ क्षेत्र में तिरंगे से रंगा हुआ घोड़ा मिला है, जिसके बाद शुक्रवार देर रात मेनका गांधी के एनजीओ पीपल फॉर एनिमल्स ने राऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई है

Publish: Aug 21, 2021, 12:47 PM IST

Photo Courtesy: Social media
Photo Courtesy: Social media

इंदौर। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा में भाजपा के झंडे से रंगा हुआ घोड़ा मिलने के बाद अब इंदौर में ही एक और रंगा हुआ घोड़ा मिला है। इस घोड़े को तिरंगे के रंग से रंगा गया है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद मेनका गांधी के एनजीओ ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। 

मेनका गांधी के एनजीओ पीपल फॉर एनिमल्स ने इंदौर के राऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। राऊ निवासी विनोद गोलिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। 

यह घोड़ा राऊ के सराय वार्ड निवासी विनोद गोलिया का है। स्वाधीनता दिवस के अवसर पर घोड़े की तिरंगे से रंगी हुई तवस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी। जिसके बाद मेनका गांधी के एनजीओ ने शुक्रवार देर रात राऊ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। 

घोड़े को रंगे जाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की जन आशीर्वाद यात्रा में भी एक घोड़ा पाया गया था, जिसे भाजपा के झंडे से रंगा गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घोड़ा भाजपा नेता रामदास गर्ग ने किराए पर लिया था। मेनका गांधी के एनजीओ ने इस संबंध में भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।