सूप बोले तो बोले, चलनी क्या बोले, जिसमें 72 छेद, CM शिवराज के बयान पर कमलनाथ का पलटवार

ग्वालियर दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बयानों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि उन्हें झूठ बोलना शोभा नहीं देता। इसपर अब कमलनाथ ने पलटवार किया है।

Publish: Jul 22, 2023, 05:23 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पूर्व आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया तो अब पीसीसी चीफ कमलनाथ ने पलटवार किया है।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'जिस व्यक्ति ने 22000 झूठी घोषणा करने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है, जब वह व्यक्ति सत्य के लिए जान तक कुर्बान कर देने वाले गांधी परिवार के व्यक्ति पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हैं तो एक ही कहावत याद आती है-सूप बोले तो बोले, चलनी क्या बोले, जिसमें बहत्तर छेद।'

दरअसल, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को स्मार्ट सिटी में मीडिया के सवाल पर कहा कि, 'प्रियंका गांधी को झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने कई झूठ बोले है। तीन साल में 21 नौकरी की बात प्रियंका गांधी कर रही है। कांग्रेस को भर्ती करो तो दिक्कत है और ना करो तो दिक्कत है। सच यह है कि एक साल में 55 हजार नौकरियां दी गई। कांग्रेस हर काम में सवाल उठाती है।' सीएम चौहान ने लाडली बहना योजना, लाडली लक्ष्मी योजना और सीखो कमाओ योजना को गिनाते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाई।