लोकसभा चुनाव : कांग्रेस की 11वीं लिस्ट जारी, आंध्र सीएम की बहन को बनाया उम्मीदवार

शर्मिला रेड्डी ने जनवरी महीने में अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लिया था

Updated: Apr 02, 2024, 06:18 PM IST

Photo source : India Today
Photo source : India Today

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपनी ग्यारहवीं सूची जारी कर दी है। उम्मीदवारों की इस सूची में सबसे बड़ा नाम आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी की बहन शर्मिला रेड्डी का है, जिन्हें कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश की कड़पा लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस ने अपनी इस सूची में कुल 17 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। यह उम्मीदवार आंध्र प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से हैं। बिहार में कांग्रेस के उम्मीदवारों की यह पहली सूची भी है। 

कांग्रेस ने ओडिशा में सबसे ज़्यादा आठ सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है जबकि आंध्र प्रदेश की पांच, बिहार की तीन और पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है। कांग्रेस इस चुनाव में इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और गठबंधन की बागडोर भी कांग्रेस के ही हाथों में है। कांग्रेस ने अब तक लोकसभा चुनावों के लिए अपने कुल 231 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। 

लोकसभा चुनावों के अलावा कांग्रेस ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश में 114 सीटों और ओडिशा में 49 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। इन दोनों राज्यों में लोकसभा के साथ ही चुनाव होने हैं। ओडिशा में जहां नवीन पटनायक की बीजेडी सत्ता में है तो वहीं आंध्र में जगन मोहन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस सत्ता में है। हालांकि आंध्र सीएम की बहन शर्मिला रेड्डी इस बार ख़ुद कांग्रेस के चुनावी निशान पर चुनावी मैदान में होंगी। 

कौन हैं शर्मिला रेड्डी?

शर्मिला रेड्डी आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी की बेटी और आंध्र प्रदेश के मौजूदा सीएम जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं। पिता के निधन के बाद शर्मिला और जगन मोहन रेड्डी में मतभेद हुए और इसके बाद शर्मिला ने वाईएसआर तेलंगाना कांग्रेस के नाम से अपनी ख़ुद की पार्टी बना ली। इसी साल जनवरी महीने में शर्मिला ने कांग्रेस का दामन थाम लिया और उन्होंने अपनी पार्टी का विलय भी कांग्रेस में करा लिया। वर्तमान में शर्मिला रेड्डी ही आंध्र प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।

आंध्र में इस समय बीजेपी का तेलुगु देशम पार्टी और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी के साथ गठबंधन है। शर्मिला को कांग्रेस ने जिस सीट से उम्मीदवार बनाया है, वहां YSRCP का दबदबा है। YSRCP ने इस सीट से अविनाश रेड्डी को चुनावी मैदान में उतारा है। अविनाश रेड्डी ने पिछला लोकसभा चुनाव इसी सीट से कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था।

बिहार में कांग्रेस को गठबंधन के तहत नौ सीटें मिली हैं, जिसमें कांग्रेस ने आज तीन सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया है। किशनगंज से कांग्रेस ने अपने सांसद मोहम्मद जावेद को चुनावी मैदान में उतारा है। जबकि भागलपुर से कांग्रेस ने विधायक अजीत शर्मा को टिकट दिया है, वहीं कटिहार से कांग्रेस ने तारिक अनवर पर भरोसा जताया है।