इंदौर: कांग्रेस नेता पिंटू जोशी को आया हार्ट अटैक, डॉक्टरों ने CPR देकर बचाई जान

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बताया कि अभी पिंटू जोशी आईसीयू में हैं, उसकी स्थिति सामान्य है। डॉक्टर लगातार उनकी देखरेख कर रहे हैं।

Updated: Nov 01, 2025, 04:17 PM IST

इंदौर। कोरोना काल के बाद से देशभर में हार्ट अटैक के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि पूर्णत: स्व्स्थ लोग भी हार्ट अटैक की चपेट में आकर जिंदगी गंवा दे रहे हैं। मध्य प्रदेश में भी लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। इंदौर में कांग्रेस के कद्दावर नेता पिंटू जोशी को देर रात हार्ट अटैक आया। गनीमत रही कि वे समय रहते अस्पताल पहुंच गए और डॉक्टरों ने CPR देकर उनकी जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री स्व. महेश जोशी के बेटे 42 वर्षीय दीपक पिंटू जोशी शुक्रवार रात एक बीजेपी नेता दिनेश दवे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसके बाद वह घर पहुंचे जहां उन्हें सीने में दर्द हुआ। परिजन उन्हें शेल्बी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने चेकअप कर बताया कि उन्हें दो बार अटैक आया था।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बताया कि अभी पिंटू जोशी आईसीयू में हैं, उसकी स्थिति सामान्य है। डॉक्टर लगातार उनकी देखरेख कर रहे हैं। पिंटू को रात 2 बजे भर्ती कराया था। अस्पताल में ही दूसरी बार अटैक आया और हार्टबीट चली गई। डॉक्टरों ने तत्काल सीपीआर दिया। स्थिति में सुधार होने पर उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया।

चौरसिया ने बताया कि अब वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। वेंटिलेटर पर रहते हुए ही डॉक्टर उनकी एंजियोग्राफी करेंगे। ब्लॉकेज निकलने पर स्टेंट डाला जाएगा। मौके पर उनके चचेरे भाई और पूर्व विधायक अश्विन जोशी मौजूद हैं। बता दें कि साल 2023 में पिंटू ने इंदौर विधानसभा-3 से चुनाव लड़ा था। इसमें बीजेपी नेता गोलू शुक्ला की जीत हुई थी। गोलू शुक्ला को 73 हजार और पिंटू को 58,624 वोट मिले थे। वह 14 हजार वोट से चुनाव हारे थे।