इंदौर में कोरोना के 55 एक्टिव मरीज, 43 मरीज हैं सेना के जवान

बीते दिनों महू कैंट एरिया के एक साथ तीस जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया था, गनीमत है कि रविवार को एक भी जवान संक्रमित नहीं पाया गया है

Publish: Sep 27, 2021, 04:04 AM IST

इंदौर। इंदौर में रविवार को कोरोना से संक्रमित सिर्फ एक मरीज मिला। लेकिन जिले में अब भी कोरोना के 55 एक्टिव मरीज हैं। जिसकी वजह से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इन 55 एक्टिव मरीजों में 43 सेना के जवान हैं। हालांकि रविवार को एकमात्र आए संक्रमण के मामले में सेना का जवान संक्रमित नहीं मिला है।

महू कैंट एरिया क्षेत्र में बीते दिनों एक साथ 30 जवान संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। इसके बाद भी 7 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिस वजह से हालात काबू के बाहर निकलते नजर आने लगे थे। 

यह सभी जवान हाल ही में दूसरे राज्यों से ट्रेनिंग कर के लौटे थे। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई थी कि बीते दिनों करीब 115 जवान दूसरे राज्यों से आए हैं। सबसे पहले सेना के 5 जवान संक्रमित मिले, इसके बाद 30 और फिर 7 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शनिवार को भी सेना का एक जवान संक्रमित मिला। इस लिहाज से कुल 43 जवान संक्रमित मिले।

मध्य प्रदेश में इस समय कोरोना का संक्रमण भले ही नियंत्रण में हो। लेकिन जिस तरह से रह रह कर अचानक कोरोना विस्फोट हो रहा है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 10,518 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।