इंदौर से जयपुर जा रहे इंडिगो विमान में खराबी, डेढ़ घंटे के लंबे इंतज़ार के बाद उड़ान रद्द

विमान के पायलट के मुताबिक एसी में खराबी के चलते यात्रियों को इस असुविधा का सामना करना पड़ा

Updated: Feb 20, 2023, 02:01 PM IST

इंदौर। इंदौर एयरपोर्ट पर विमान में खराबी के चलते आज यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक विमान में बिठाकर उतार दिया गया। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भी इसी विमान से जयपुर जा रहे थे। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार विमान संख्या 6E 7318 ATR 72 यात्रियों के साथ आज शाम को इंदौर से जयपुर के लिए उड़ान भरने वाला था। इस विमान को शाम करीब पांच बजे जयपुर के लिए उड़ान भरना था। उड़ान भरने से पहले यात्री जब विमान के टेक ऑफ करने का इंतजार कर रहे थे तब अचानक उन्हें एसी में खराबी का हवाला देकर विमान से उतरने के लिए कहा गया। 

यात्रियों को विमान से उतारने के बाद एयरपोर्ट पर एक घंटे तक ड्राई रन किया गया और तब तक यात्रियों को बस कोच में बिठाकर रखा गया। यात्रियों से कहा गया कि एसी में खराबी मिलने पर यात्रियों को दूसरे विमान से रवाना किया जाएगा। लेकिन शाम करीब साढ़े छह बजे उड़ान रद्द किए जाने की सूचना यात्रियों को दे दी गई।

हालांकि यात्रियों को एक औपचारिक संदेश भी प्राप्त हुआ है। अब इस विमान को शाम 7.15 बजे या रात नौ बजे दोबारा जयपुर के लिए रवाना करने का प्रयास किया जाएगा।