MP में 9 IPS अफसरों के तबादले, रुचि वर्धन बनीं भोपाल ग्रामीण IG, संजय कुमार बने शहडोल SP
राज्य शासन के गृह विभाग ने शुक्रवार देर रात ट्रांसफर की लिस्ट जारी की। आदेश के अनुसार पुलिस मुख्यालय, विभिन्न जोन और जिलों में पदस्थ अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश में अधिकारियों के तबादलों का सिलसिला जारी है। राज्य सरकार के गृह विभाग ने शुक्रवार देर रात 9 भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंप गया है। शहडोल और शाजापुर के SP भी बदले गए हैं।
राज्य शासन के गृह विभाग ने शुक्रवार देर रात ट्रांसफर की लिस्ट जारी की। आदेश के अनुसार पुलिस मुख्यालय, विभिन्न जोन और जिलों में पदस्थ अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं। आदेश के तहत पुलिस मुख्यालय में पदस्थ पुलिस महानिरीक्षक हरिनारायणचारी मिश्रा को प्रशासन शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं आईजी रुचिवर्धन मिश्रा को भोपाल (ग्रामीण) जोन का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) बनाया गया है।
इसी तरह आईजी चंद्रशेखर सोलंकी को नर्मदापुरम जोन भेजा गया है, जबकि मिथिलेश शुक्ला को सागर जोन का IG (पुलिस महानिरीक्षक) बनाया गया है। उप पुलिस महानिरीक्षक सिमाला प्रसाद का तबादला पुलिस मुख्यालय से खरगोन रेंज किया गया है। आदेश के अनुसार शाजापुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत को एसपी रेल इंदौर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं शहडोल के एसपी रामजी श्रीवास्तव को मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। संजय कुमार अग्रवाल को शहडोल का नया एसपी और प्रियंका शुक्ला को शाजापुर जिले का SP बनाया गया है। इसके अलावा विशेष पुलिस महानिदेशक आदर्श कटियार को उनके वर्तमान कार्य के साथ PHQ में स्पेशल DG (टेलीकम्युनिकेशन्स) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं आईजी अनुराग को इंदौर रेंज के अतिरिक्त प्रभार सहित आरएपीटीसी इंदौर की जिम्मेदारी भी दी गई है। सभी अधिकारियों को अपने नए पदों की कमान संभालने के निर्देश दिए गए हैं।




