IPS सुधीर कुमार सक्सेना बनेंगे मध्य प्रदेश के नए DGP, उनके कार्यकाल में ही होंगे विधानसभा चुनाव

केंद्र सरकार ने सुधीर कुमार सक्सेना के मध्य प्रदेश वापसी के आदेश जारी कर दिए हैं, ऐसे में यह तय हो गया है कि वह प्रदेश के नए डीजीपी बनेंगे, सक्सेना नवंबर 2024 में रिटायर होंगे, अर्थात उनके कार्यकाल में ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव होंगे

Updated: Mar 02, 2022, 11:47 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के नए डीजीपी को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है। IPS अधिकारी सुधीर कुमार सक्सेना प्रदेश के नए डीजीपी होंगे। केंद्र सरकार ने बुधवार को उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त कर मध्य प्रदेश वापसी के आदेश जारी कर दिए हैं। सक्सेना के प्रदेश वापसी के बाद 1987 बैच के उनके साथी पवन जैन के डीजीपी बनने की संभावनाएं समाप्त हो गई हैं।

बता दें कि 1987 बैच के आईपीएस अधिकारियों में वरिष्ठतम अधिकारी सुधीर कुमार सक्सेना केंद्रीय सचिव सुरक्षा के पद पर प्रतिनियुक्ति पर थे। अब उनकी सेवाएं प्रदेश को वापस की जा रही हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने उनकी सेवाएं लौटाने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह किया था और इस पर आज आदेश जारी हुए हैं। अब नए डीजीपी के रूप में सक्सेना के आदेश जारी होने का रास्ता साफ हो गया है। 

बताया जा रहा है की सुधीर सक्सेना कल यानी गुरुवार को भोपाल आएंगे और 4 मार्च को वे डीजीपी का पदभार ग्रहण करेंगे। सक्सेना का नवंबर 2024 में रिटायरमेंट है और उन्हें डीजीपी के रूप में करीब ढाई साल का समय मिलेगा। ऐसे में स्पष्ट है कि उनके कार्यकाल में ही 2023 विधानसभा और 2024 लोकसभा चुनाव होंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश के मौजूदा डीजीपी विवेक जौहरी 4 मार्च को ही रिटायर होंगे। कमलनाथ सरकार ने जौहरी को दो साल का एक्सटेंशन दिया था। 

यह भी पढ़ें: हमने 4 मंत्रियों को भी वहां भेज दिया है, चुनाव प्रचार के दौरान यूक्रेन संकट पर बोले PM मोदी

सुधीर कुमार सक्सेना मध्य प्रदेश में IG इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मध्य प्रदेश में इन्होंने रायगढ़, छिंदवाड़ा, रतलाम, जबलपुर में एसपी पद पर भी अपनी सेवा दे चुके हैं। उसके बाद साल इनका तबादला भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में किया गया, जहां उन्हें डीआईजी बनाया गया। इसके बाद केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान साल 2002 के दौरान सीबीआई में उनकी नियुक्ति हो गई।

इन्होंने  सीआईएसएफ में  22 जून 2018 को अतिरिक्त निदेशक के तौर पर जॉइन किया था, उसके बाद 24 दिसंबर 2020  में ये CISF में ही स्पेशल निदेशक बने। बीते साल मई में जब तत्कालीन CISF के डीजी सुबोध कुमार जायसवाल को CBI डायरेक्टर नियुक्त किया गया था तब कुछ समय के लिए सक्सेना को ही CISF डीजी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।