चुनाव तक इकबाल सिंह बैंस ही रहेंगे MP के चीफ सेक्रेटरी, छह महीने और बढ़ा कार्यकाल

मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को एक बार फिर से छह महीने का एक्सटेंशन दिया गया है। प्रशासनिक मुखिया से अपने बेहतर तालमेल को देखते हुए सीएम चौहान ने बैंस को छह माह की सेवावृद्धि दिलवाई है।

Updated: May 18, 2023, 05:00 PM IST

भोपाल। मध्‍य प्रदेश के प्रशासनिक जगत में पिछले दस सालों से इकबाल सिंह बैंस का ‘इकबाल’ बुलंद है। इस साल के अंत मे होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान भी बैंस का ‘इकबाल’ बुलंद हो इसलिए मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर से उन्हें छह माह की सेवावृद्धि दिलवाई है।

केंद्रीय कार्मिक एवं पेंशन विभाग ने 17 मई को सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को सूचना दी कि राज्य सरकार ने 6 मई को पत्र लिखकर 1985 बैच के आईएएस अफसर और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस के कार्यकाल को बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसे स्वीकार कर लिया गया है। ऐसे में स्पष्ट है कि अब 30 नवंबर 2023 तक इकबाल सिंह बैंस ही मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव बने रहेंगे। 

1985 बैच के IAS अधिकारी इकबाल सिंह बैंस पिछले साल 30 नवंबर को ही रिटायर हो गए थे। तब तक राज्य सरकार ने किसी और अधिकारी को मुख्य सचिव के तौर पर नहीं चुना था। हालांकि, जिस दिन बैंस रिटायर हो रहे थे, उसी दिन छह महीने का एक्सटेंशन दिया गया था।

बता दें कि यह तीसरा मौका है जब इकबाल सिंह बैंस के लिए सीएम चौहान ने दिल्‍ली में विशेष अधिकार का प्रयोग किया है। इससे पहले सीएम शिवराज सिंह चौहन ने 2014 में अपना प्रमुख सचिव बनाने के लिए इकबाल सिंह बैंस की प्रतिनियुक्ति समय के पहले खत्‍म करवाई थी। तब उन्‍होंने तत्‍कालीन मंत्री सुषमा स्‍वराज से आग्रह किया था। इसके बाद नवंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह कर सीएस इकबाल सिंह बैंस का कार्यकाल छह माह बढ़वाया था। इस बार फिर सीएम ने पीएम मोदी से आग्रह कर बैंस को सेवावृद्धि दिलवाई है।