सरकार बनते ही लागू करेंगे पुरानी पेंशन स्कीम, विधानसभा चुनाव से पहले कमलनाथ का बड़ा ऐलान

कमलनाथ ने रविवार को शिक्षक कांग्रेस के अधिवेशन को संबोधित करते हुए पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने का ऐलान किया, कांग्रेस शासित राजस्थान और छत्तीसगढ़ में इसी साल हुआ है लागू

Updated: May 01, 2022, 01:53 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं, लेकिन इसकी तैयारी अभी से ही शुरू हो चुकी है। पीसीसी चीफ कमलनाथ ने रविवार को शिक्षक कांग्रेस के अधिवेशन को संबोधित करते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि, यदि 2023 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनती है तो हम पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे।'

शिक्षक कांग्रेस अधिवेशन को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इससे पहले कांग्रेस की दूसरे राज्य की सरकारों ने भी पुरानी पेंशन स्कीम लागू किया है। पीसीसी चीफ के इस ऐलान को चुनाव के मद्देनजर बेहद अहम माना जा रहा है। बीते 24 घंटों में कमलनाथ का ये दूसरा बड़ा ऐलान है। इसके पहले शुक्रवार को उन्होंने ऐलान किया था कि कांग्रेस सरकार बनते ही किसानों की कर्ज माफी होगी।

यह भी पढ़ें: टीकमगढ़: क्रेडिट लेने की होड़ में भिड़े बीजेपी के दो विधायक, मान-मनौव्वल में जुटे अधिकारी

बता दें कि "मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस" कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ी ताकत रही है। साल 2018 की जीत में भी शिक्षकों का अहम योगदान माना जाता है। इसी वजह से आज शिक्षक कांग्रेस के अधिवेशन में कांग्रेस के दोनों पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह मौजूद थे।

दरअसल, राजस्थान में पुरानी पेंशन स्कीम लागू होने के बाद मध्य प्रदेश में भी इसे लागू करने की मांग हो रही है। मार्च में कर्मचारी संगठनों ने प्रदेशव्यापी हड़ताल की थी। राजस्थान के बाद कांग्रेस शासित छत्तीसगढ़ सरकार ने भी इसे लागू कर दिया है। इस फैसले के बाद 2004 के बाद नियुक्त लाखों सरकारी कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा।