खरगोन: मेले में मटका कुल्फी खाकर बीमार पड़े 40 लोग, फूड पॉयजनिंग के बाद सभी को भेजा गया अस्पताल

खरगोन जिला मुख्यालय से नजदीक नागझिरी, राजपुरा, छटलगांव में अचानक 40 से अधिक बच्चे, महिला, पुरुष एवं युवा उल्टी दस्त के शिकार हो गए। इससे इलाके में हड़कंप मच गया।

Updated: Apr 06, 2023, 11:00 AM IST

खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन में मटका कुल्फी खाने से करीब 40 लोग फूड पॉयजनिंग के शिकार हो गए। पेट दर्द के साथ ही उल्टी, दस्त की शिकायत के बाद कई गांव के लोगों को आनन-फानन में जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मटका कुल्फी खाने के बाद सभी लोग फूड पॉयजनिंग के शिकार हो गए जिसमें 16 बच्चे भी शामिल हैं।

मामला जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुरा और छटलगांव के बीच रेणुका माता के मेले का है। फूड पॉयजनिंग का शिकार नागझिरी, राजपुरा, छटलगांव, बडगांव, घट्टी और बलगांव के लोग हुए। बताया जा रहा है कि रेणुका माता मंदिर पर एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। यहीं मटका कुल्फी बिक रहा था जिसे खाकर लोग बीमार पड़ गए।

यह भी पढ़ें: ज्वाइनिंग से पहले ही कौशलेंद्र विक्रम सिंह का हुआ ट्रांसफर, अब आशीष सिंह होंगे भोपाल कलेक्टर

देर रात 1 बजे के बाद सभी मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक साथ बड़ी संख्या मरीजों की खबर मिलने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। मरीजों के एक साथ पहुंचने पर अफरा तफरी मच गई थी। सूचना पाकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापूसिंह परिहार, मेनगांव टीआई दिनेश कुशवाह, आरएमओ डॉ दिलिप सेप्टा सहित एक दर्जन डॉक्टर और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल प्रभाव से जिला अस्पताल पहुंचे।

मटका कुल्फी खाने से अचानक बीमार पड़े लोगों में दो बच्चो को छोड़कर सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। बीमार हुए लोगों में 16 बच्चों को साथ ही 24 महिला, पुरुष और युवा हैं। जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन दिलीप सेप्टा ने कहा कि हम सभी को जल्द स्वस्थ्य करने का प्रयास कर रहे हैं। हमारा पूरा मेडिकल स्टॉप मरीजों के इलाज में जुटा हुआ है। दो बच्‍चों को छोड़कर सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।