27 जनवरी को महू में रैली करेगी कांग्रेस, तैयारियों को लेकर भोपाल में पार्टी नेताओं की हुई बैठक

शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें 27 जनवरी के इस आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।

Updated: Jan 10, 2025, 07:31 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस 26 जनवरी को बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू में जय भीम, जय बापू, जय संविधान रैली करने वाली थी। हालांकि, अब यह रैली 27 जनवरी को किया जाएगा। AICC के निर्देश पर तारीख एक दिन आगे बढ़ाया गया है। इसके पहले मध्यप्रदेश के गांव-गांव में और वार्डों में सुबह-शाम प्रभात फेरियां निकाली जाएगी।

शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें 27 जनवरी के इस आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, भोपाल में आयोजित प्रदेश कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संकल्प 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान' को लेकर सार्थक चर्चा हुई। साथ ही मध्यप्रदेश में पंचायत स्तर तक कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती के लिए अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।

यह भी पढे़ं: महू में रैली की तैयारियों को लेकर MP कांग्रेस की बैठक, PCC चीफ ने नेताओं को पढ़ाया अनुशासन का पाठ

बताया जा रहा है कि महू में रैली से पहले कांग्रेस प्रदेशभर के गांव-गांव और वार्डों में रैली निकालेगी। यह रैली सुबह-शाम फेरियों की तर्ज पर निकाली जाएगी। यह रैली 11 जनवरी शनिवार से ही शुरू की जाएगी। बता दें कि इस साल 26 जनवरी को भारतीय संविधान के लागू होने की 75वीं वर्षगांठ है, इसलिए कांग्रेस यहां भारत में गणराज्य की स्थापना और संविधान निर्माता बाबा साहेब अम्बेडकर को समर्पित एक विशाल रैली कर अपना शक्ति प्रदर्शन करेगी।

27 जनवरी को पार्टी महू की धरती से ही कांग्रेस एक नए राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन का आगाज करेगी। इसे संविधान बचाओ राष्ट्रीय पदयात्रा नाम दिया जाएगा। यह पद यात्राएं पूरे एक साल तक गांव-गांव शहर-शहर में निकाली जाएगी और इनका समापन अगले साल 2026 में 26 जनवरी के दिन होगा।

पार्टी की बैठक के दौरान बुरहानपुर से पूर्व विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा ने कहा कि भाजपा हमारे संविधान, बाबा साहेब और उन नेताओं पर वार कर रही है, जिन्होंने हमें आजादी दिलाई। जिस तरह से वे यह सब कर रहे हैं, उससे देश का विभाजन होना है। ऐसे में उन्हें रोकने के लिए कांग्रेस संकल्पित है। वहीं, भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि वाल्मीक का बेटा आज राष्ट्रपति की कुर्सी पर बैठ सकता है, लेकिन गांव में किसी दबंग की टूटी चारपाई पर नहीं बैठ सकता। अभी सामाजिक बराबरी नहीं आ पाई है। राजनीतिक बराबरी के साथ-साथ हम आर्थिक और सामाजिक बराबरी देंगे ये काम कांग्रेस ही कर पाएगी।