ज्वाइनिंग से पहले ही कौशलेंद्र विक्रम सिंह का हुआ ट्रांसफर, अब आशीष सिंह होंगे भोपाल कलेक्टर

दो दिन के अंदर ही भोपाल के कलेक्टर का हुआ ट्रांसफर, पदभार ग्रहण भी नहीं कर पाए थे कौशलेंद्र विक्रम सिंह, बुधवार देर रात सामान्य प्रशासन विभाग ने आशीष सिंह को बनाया भोपाल कलेक्टर

Updated: Apr 06, 2023, 08:54 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के सामान्य प्रशासन विभाग ने एक बार फिर IAS अधिकारियों के ट्रांसफर की सूची जारी की है। खास बात यह है कि 2 दिन में ही भोपाल कलेक्टर का आदेश पलट गया है। ज्वाइनिंग से पहले ही कौशलेंद्र विक्रम सिंह का ट्रांसफर लेटर आ गया है। अब आशीष सिंह भोपाल कलेक्टर होंगे। बताया जा रहा है कि संघ के दबाव में ये निर्णय लिया गया है। वहीं, नरोत्तम मिश्रा की नाराजगी के बाद उनके दामाद अविनाश लवानिया को जल निगम से हटाकर सड़क विकास निगम में भेज दिया गया है।

बुधवार देर रात मध्य प्रदेश में चार आईएएस अफसरों की नई पोस्टिंग की गई। जबकि दो दिन पहले ही 19 अधिकारियों ट्रांसफर हुआ था। भोपाल कलेक्टर के पद से दो दिन पहले हटाए गए अविनाश लवानिया को एमडी जल निगम बनाया गया था। बताया जा रहा है कि वे इस पोस्टिंग से खुश नहीं थे। वह गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के दामाद भी हैं। सूत्रों के मुताबिक गृहमंत्री ने नाराजगी जाहिर की थी। ऐसे में दो दिन के भीतर ही उन्हें जल निगम से हटाकर एमपीआरडीसी का एमडी बनाया गया है।

इसके अलावा दो दिन पहले मुख्यमंत्री के अपर सचिव रहे कौशलेंद्र विक्रम सिंह को यहां कलेक्टर बनाया गया था। लेकिन अब आशीष सिंह को भोपाल कलेक्टर नियुक्त किया गया है। आशीष अभी एमपीआरडीसी के एमडी हैं। वहीं, कौशलेंद्र विक्रम सिंह को पर्यटन विकास निगम भेज दिया गया है। कौशलेंद्र विक्रम बतौर भोपाल कलेक्टर ज्वाइन भी नहीं कर पाए थे और उनकी ट्रांसफर हो गई। कौशलेंद्र को हटाए जाने की वजह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का दबाव बताया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस की सरकार बनते ही पत्रकारों की सुरक्षा के लिए लाएंगे कानून, पीसीसी चीफ कमलनाथ का बड़ा ऐलान

साथ ही सीनियर अधिकारी एस. विश्वनाथन को एमडी पर्यटन विकास निगम से हटाते हुए एमडी जल निगम बनाया गया है। विश्वनाथन के कार्यभार ग्रहण करने पर पीएचई के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला एमडी जल निगम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगे। जल निगम में केंद्र और राज्य के बजट का 60 हजार करोड़ रुपए खर्च होने हैं, ऐसे में विश्वनाथन की नियुक्ति अहम है।