जबलपुर में प्रियंका गांधी की विजय शंखनाद रैली आज, शहर के चौक-चौराहों पर लगे हनुमान जी के गदे

जबलपुर में मां नर्मदा का पूजन और महारानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी प्रियंका गांधी, कांग्रेस कार्यकर्ता खून की एक बूंद राष्ट्र निर्माण के लिए प्रियंका जी को करेंगे भेंट

Updated: Jun 12, 2023, 09:37 AM IST

जबलपुर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर से चुनावी शंखनाद करेंगी। प्रियंका गांधी के जबलपुर दौरे को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां पूरी कर ली है। जबलपुर शहर के चौक-चौराहों पर हनुमान जी के गदे लगाए गए हैं। कांग्रेस अधिकारियों ने बताया कि प्रियंका गांधी यहां मां नर्मदा का पूजन और महारानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने रविवार को जबलपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए कांग्रेस पार्टी के चुनाव अभियान के लिए विजय शंखनाद 2023 रैली को शहीद स्मारक पर संबोधित करेंगी। इससे पूर्व वह ग्वारी घाट पर मां नर्मदा की आरती और पूजन करेंगी। मिश्रा ने बताया कि श्रीमती प्रियंका गांधी जी महारानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगी।

केके मिश्रा ने बताया कि प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर जबलपुर शहर में हनुमान जी की 30-30 फुट की गदा पूरे शहर में लगाई गई हैं, जो न्याय की विजय का प्रतीक होगी। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ता रक्तदान शिविर लगाकर नौजवानों के खून की एक बूंद राष्ट्र निर्माण के लिए प्रियंका गांधी को भेंट करेंगे और एकत्र किया गया रक्त ब्लड बैंक को दान किया जाएगा।

मिश्रा के मुताबिक पीसीसी चीफ कमलनाथ प्रियंका गांधी का स्वागत करने एयरपोर्ट जाएंगे और दोनों नेता चुनाव अभियान का श्री गणेश करेंगे। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी माननीय कमलनाथ जी के नेतृत्व में यह चुनाव जनता के मुद्दों पर लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी नारी सम्मान योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रतिमाह ₹1500 और ₹500 में गैस सिलेंडर प्रदान करेगी। कांग्रेस सरकार बनने पर मध्य प्रदेश वासियों को 100 यूनिट बिजली माफ और 200 यूनिट बिजली हाफ दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। कांग्रेस की सरकार किसानों की कर्ज माफी करेगी और पुरानी पेंशन योजना फिर से शुरू करेगी।"

केके मिश्रा ने सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि कल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जबलपुर आए थे और यहां से उन्होंने लाडली बहना योजना का आरंभ किया। मुझे यह देखकर तसल्ली हुई कि जबलपुर की माताएं बहनें शिवराज जी के स्वभाव को भलीभांति जान गई हैं इसलिए उनके कार्यक्रम में कुर्सियां खाली रही और जो बहनें आई हुईं थी वह सीएम शिवराज की झूठी घोषणा सुनकर उनके भाषण के दौरान ही सभा स्थल से चली गई।

मिश्रा ने कहा, "मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिस तरह अपने भाषण में महिलाओं के सम्मान के नाम पर बोली लगाना शुरू की वह अत्यंत निंदनीय है। हजार दूंगा, 1200 दूंगा, डेढ़ हजार दूंगा 2 हजार दूंगा! क्या यह भाषा मुख्यमंत्री को शोभा देती है। खरीद-फरोख्त से बनी सरकार के मुखिया अब वोट खरीदने के लिए मंडी में बोले जाने वाली खरीद-फरोख्त की भाषा बोलने लगे हैं। लाडली बहना योजना की पोल तो तभी खुल गई थी जब योजना लांच होने से पहले ही सरकार ने करीब 26000 महिलाओं को अपात्र घोषित कर दिया। यह योजना मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 18 साल की 22000 झूठी घोषणाओं की तरह ही, एक झूठा जुमला है।

केके मिश्रा ने आगे कहा, "18 साल की सरकार में सीएम शिवराज ने मध्यप्रदेश की पहचान बेरोजगारी, गरीबी, घोटालों, महिलाओं पर अत्याचार और किसानों की बदहाली से बना दी है। शिवराज सरकार में भ्रष्टाचार की सारी हदें पार हो चुकी है। इन्होंने डंपर घोटाले से शुरुआत की थी। उसके बाद व्यापम घोटाला किया, नर्सिंग घोटाला किया, आयुष्मान कार्ड में घोटाला किया, पुलिस भर्ती घोटाला किया, लेकिन इतने घोटालों से इनका मन नहीं भरा। इंसान को धोखा देने के बाद शिवराज जी ने भगवान को धोखा देना शुरू किया। सिंहस्थ घोटाला और महाकाल लोक घोटाला शिवराज सरकार के भ्रष्टाचार और पाप का जीता जागता उदाहरण है।"

मिश्रा ने कहा कि पीसीसी चीफ कमलनाथ पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि शिवराज सरकार के पाप का घड़ा भर गया है। अपना पाप धोने के लिए ही इन्हें आज बहनें याद आ रही हैं। मध्य प्रदेश की जनता इस विधानसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के 18 साल के पाप का दंड उन्हें देगी और कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना तय है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कल विजय शंखनाद के साथ मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने आ रही हैं।