मध्य प्रदेश में बढ़ी कोरोना की रफ्तार, भोपाल में मिले 104 नए मरीज, 90 हुक्का लाउंज बंद
प्रदेश में बीते तीन दिनों हर रोज सामने आ रहे हैं 400 से ज्यादा नए मरीज, देश का छठवां राज्य जहां तेजी से बढ़ रहा है कोरोना, भोपाल कलेक्टर ने सभी हुक्का लाउंज को किया बंद

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस एक बार फिर से पांव पसारने लगा है। राजधानी भोपाल में एक ही दिन में 104 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि पिछले चार दिनों में कुल 376 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। यदि इसी तरह कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती रही, तो प्रशासन द्वारा नाइट कर्फ्यू लगाए जाने की पूरी संभावना है।
कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए भोपाल कलेक्टर अवनीश लवानिया ने राजधानी में सभी हुक्का लाउंज को बंद रखने का आदेश जारी किया है। शनिवार को प्रतिबंध के आदेश के बाद भोपाल के सभी 90 हुक्का लाउंज बंद हो गए हैं। प्रशासन का तर्क है कि होटल, रेस्त्रां, बार में बड़ी संख्या युवा जाते हैं और एक ही हुक्के का कई लोग उपयोग करते हैं, इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
मध्य प्रदेश देश का छठवां राज्य बन गया है जहां कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। देश में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कनार्टक, पंजाब और गुजरात में मध्य प्रदेश से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। पिछले तीन दिनों से यहां प्रतिदिन 400 से ज्यादा नए संक्रमित मरीज मिल रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक मार्च के पांच दिनों के दौरान प्रदेश में 1981 नए कोरोना संक्रमण के केस मिले हैं। प्रदेश में एक्टिव केस भी 3457 हो गए हैं। 23 फरवरी को प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 2157 थी। 10 दिन में एक्टिव केस में 1306 मरीजों का इजाफा हुआ है। इनमें सबसे अधिक 1330 एक्टिव केस इंदौर में हैं, जबकि भोपाल में 598 हैं। इंदौर में कोरोना के यूके वैरियंट से पीड़ित छह मरीज भी सामने आए हैं। इन हालात में भोपाल और इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगाने जाने की आशंका बढ़ती जा रही है।