गुना में सेक्सटॉर्शन रैकेट का भंडाफोड़, बीजेपी नेता निकला रैकेट का सरगना

पुलिस ने सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग में शामिल एक महिला समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गिरोह का संचालक राम सोनी है, जो बीजेपी नेता बताया जा रहा है।

Updated: Sep 02, 2023, 07:09 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। यहां व्यापारियों को हनी ट्रैप में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा था। इस पूरे सेक्सटॉर्शन रैकेट के तार सत्ताधारी दल से जुड़े हुए हैं। दरअसल, रैकेट का सरगना भाजपा नेता राम सोनी बताया जा रहा है, जिसे गुना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, गुना के एक कपड़ा व्यापारी ने 29 अगस्त को गुना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने कहा था कि सोशल मीडिया के जरिए एक महिला ने उससे पैसे उधार मांगे थे। रुपए लौटाने के बहाने महिला ने उसे अपने घर बुलाया। जहां उसने चाय में बेहोशी की दवा मिलाकर मुझे बेहोश कर दिया। इसके बाद महिला ने उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए वीडियो बना लिया। उस वीडियो के जरिए मुझसे महिला और उसके साथी ब्लैकमेल कर 3 लाख रुपए की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: MP: आठ जिलों के नेताओं ने एक साथ थामा कांग्रेस का दामन, भाजपा में मची खलबली

कपड़ा व्यापारी की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई। गुना कोतवाली से उपनिरीक्षक अमित अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस की टीम फोन नंबर की लोकेशन के जरिए आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देने पहुंची। जहां से पुलिस टीम ने शुक्रवार को 6 लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें देवेंद्र जादौन, अमित कुचबंधिया, आशीष सेन, चंद्रमोहन ओझा, राम सोनी और एक महिला सदस्य शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 मोबाइल, एक पेनड्राइव, एक वाईफाई, एक हिडन कैमरा एवं एक मेमोरी कार्ड भी जप्त किए हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके ग्रुप की महिला सदस्य सोशल मीडिया पर लोगों से दोस्ती कर उन्हें अपने जाल में फंसाती थी। लोगों को किसी बहाने से अपने पते पर बुलाकर उन्हें नशे की गोलियां खिलाकर बेहोश कर दिया जाता था। जिसके बाद बल्ब के होल्डर में फिट हिडन कैमरे से उनका वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। 

इस पूरे रैकेट का सरगना भाजपा नेता राम सोनी बताया जा रहा है। राम सोनी वर्तमान में शासकीय पीजी कॉलेज जनभागीदारी समिति का सदस्य है। उसने अपने भतीजे धरम सोनी को गुना नगर पालिका का उपाध्यक्ष भी बनाया है। भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ सोनी के करीबी रिश्ते हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।