गरीब की सुनवाई कर लो सरकार, न्याय की आस में 70 KM पैदल चलकर आने को मजबूर किसान परिवार

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में भू माफियाओं का आतंक, न्याय की आस में थाली बजाते हुए पैदल कलेक्टर ऑफिस के लिए निकला किसान परिवार, दबंगों ने कर रखा है जमीन पर कब्जा

Updated: Jul 21, 2023, 07:17 PM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक किसान परिवार चिलचिलाती धूप और गर्मी में सड़कों पर थाली बजाते हुए पैदल चल रहा है। किसान परिवार न्याय की आस में 70KM पैदल चलकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचेगा। दरअसल, पीड़ित परिवार की जमीन पर भू माफियाओं ने कब्जा कर रखा है। पुलिस से मदद नहीं मिलने पर अब यह परिवार थाली बजाते हुए पैदल गांव से जिला मुख्यालय के लिए निकला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खेड़ी गांव में देव सिंह गुजर्र, केसर सिंह गुजर्र और बने सिंह गुजर्र का परिवार रहता है। इनके पास 21 बीघा जमीन है, जिसपर खेती कर अपने परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। लेकिन पिछले चार वर्षों से स्थानीय भू माफियाओं ने इनके 4 बीघा जमीन पर कब्जा कर लिया है और तभी से उनके बीच विवाद चल रहा है। 

बताया जा रहा है कि थाने में मामला दर्ज कराने के बाद कोर्ट में सुनवाई भी हुई। फैसला किसान परिवार के पक्ष में आया। जिसके बाद देव सिंह के परिवार ने जमीन पर सोयाबीन की फसल बोई थी। लेकिन बीते 19 जुलाई की रात दबंगो ने ट्रैक्टर चलाकर खड़ी फसल को नष्ट कर दिया। देव सिंह ने थाने में इस बात की शिकायत भी की। लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। 

स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने से परेशान होकर देव सिंह के परिवार ने कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाने का निर्णय लिया। तीन किसान भाइयों के अलावा बच्चों व महिलाओं के साथ गुरुवार को राजगढ़ जिला मुख्यालय के लिए पैदल मार्च शुरू कर दिया। इनमें 4 वर्षीय बालक अभिनंदन और डेढ़ साल का कृष्ण पाल भी शामिल है। पूरा परिवार 70 किलोमीटर पैदल यात्रा कर राजगढ़ जाएगा और वहां कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाएगा।

पीड़ित देव सिंह गुर्जर ने बताया कि हम थाली बजाते हुए पैदल 70 किलोमीटर दूर कलेक्टर और एसपी के पास जा रहे हैं, यहां पर कोई सुनवाई नहीं करता। थाने में जाते हैं तो तहसील भेज दिया जाता है और तहसील कार्यालय से वापस थाने भेज दिया जाता है। मामले पर खिलचीपुर एसडीएम अंकिता जैन ने कहा कि यह मेरे संज्ञान में आया है। मैंने तहसीलदार को निर्देशित कर दिया है। इसमें जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी की जाएगी।