नर्सिंग की तरह ही बीएड और एमएड कॉलेजों के संचालन में घोटाला, दिग्विजय सिंह ने राज्यपाल से की शिकायत

मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन एवं इन्दौर सहित अन्य जिलों में नियमों को ताक पर रखकर एक कमरे में बी.एड. और एम.एड. कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है: दिग्विजय सिंह

Updated: Mar 03, 2025, 05:20 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश के महामहिम राज्यपाल मंगू भाई पटेल को पत्र लिखकर प्रदेश में बी.एड. और एम.एड. कॉलेजों में हो रहे घोटाले की ओर ध्यान आकर्षित किया है। सिंह ने कहा है कि नर्सिंग स्कैम की तरह ही बी.एड. और एम.एड. कॉलेजों का संचालन हो रहा है। 

राज्यपाल को संबोधित शिकायती पत्र में पूर्व मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया है कि मध्य प्रदेश के भोपाल, उज्जैन एवं इन्दौर सहित अन्य जिलों में नियमों को ताक पर रखकर एक कमरे में बी.एड. और एम.एड. कॉलेजों का संचालन किया जा रहा है। इन कॉलेजों द्वारा मापदण्डों को दरकिनार रख कर कॉलेज का संचालन किया जा रहा है।

यह भी पढे़ं: राघौगढ़ में टांट्या भील की प्रतिमा अनावरण पर रोक, दिग्विजय सिंह बोले- स्वतंत्रता सेनानी की मूर्ति लगाना अपराध नहीं

दिग्विजय सिंह ने कहा है कि जांच में सामने आया है कि इसमें भी नर्सिंग घोटाले की तरह ही एम.एड कर रहे छात्रों को फैकल्टी दर्शाया जा रहा है। हाल ही में ई.ओ.डब्ल्यू. द्वारा इसकी जांच शुरू की गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से अनुरोध करते हुए कहा कि प्रदेश में व्यापक स्तर पर हो रहे इस घोटाले की प्रदेश स्तर के वरिष्ठ अधिकारी से जांच कराये जाने हेतु संबंधित को समुचित निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें।