आंध्र और कर्नाटक में भाजपा घुस गई फाटक में, MP के दिग्गज बीजेपी नेता ने फूंका बगावत का बिगुल

इंदौर भाजपा के दिग्गज नेता और वरिष्ठ कवि सत्यनारायण सत्तन ने कविता के माध्यम से अपनी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आंध्र और कर्नाटक में BJP घुस गई फाटक में।

Updated: May 04, 2023, 06:45 PM IST

भोपाल। चुनावी राज्यों के भारतीय जनता पार्टी को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। जिस तरह कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में भगदड़ की स्थिति थी। वहीं, स्थिति अब मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी निर्मित हो रही है। मध्य प्रदेश के एक और कद्दावर भाजपा नेता ने बगावत का बिगुल फूंका है। 

इंदौर भाजपा के दिग्गज नेता और वरिष्ठ कवि सत्यनारायण सत्तन ने कविता के माध्यम से अपनी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "आंध्र और कर्नाटक में BJP घुस गई फाटक में।" इसका अर्थ पूछने पर सत्तन ने कहा कि अब फाटक में घुसी हुई BJP का क्या दृश्य होगा यह देखना है। बताया जा रहा है कि सत्तन बुधवार रात को विधायक ट्रॉफी क्रिकेट कॉम्पिटिशन में पहुंचे थे। वहां उन्होंने यह बयान दिया।

दीपक जोशी और भंवरसिंह शेखावत के बाद अब सत्तन के बगावती और चुनौती भरे बयान ने पार्टी को चिंता में डाल रखा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुख्यमंत्री शिवराज शिव चौहान डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सत्तन को भोपाल बुलवाया है। शुक्रवार को उनकी मुलाकात हो सकती है। सत्तन ने इस बारे स्वयं मीडिया से कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने मुझे बुलाया है। वे पार्टी के मुखिया हैं, वे आदरणीय हैं। लेकिन आज अन्य जगह जाने से शुक्रवार को भोपाल जाऊंगा।

यह भी पढ़ें: जबलपुर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी, कांग्रेस दफ्तर में घुसकर मचाया उत्पात

सत्तन सीएम चौहान को नसीहत देते हुए कहा कि आत्म विश्लेषण करना बहुत जरूरी है। मुख्यमंत्री को अपने कार्यकर्ताओं के साथ व्यवहार करने का अधिकार है और उन्हें उनकी स्थिति, कुशलक्षेम पूछने का भी अधिकार है। उनके प्रश्न का उत्तर देने मैं भोपाल जाऊंगा। आप लोगों (पार्टी) ने जिस तरह का व्यवहार करके लोगों को सम्मानित करने के बाद बजाय अपमानित करने का काम किया, वह गलत है।