जबलपुर में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी, कांग्रेस दफ्तर में घुसकर मचाया उत्पात

जबलपुर के बलदेव बाग इलाके में स्थित कांग्रेस दफ्तर पर हमला, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़

Updated: May 04, 2023, 03:06 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश में बजरंग दल कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी एक बार फिर सामने आई है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जबलपुर स्थित कांग्रेस दफ्तर पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने पार्टी दफ्तर में जमकर तोड़फोड़ की। इस घटना के बाद मध्य प्रदेश में भी अब बजरंग दल को बैन करने की मांग उठने लगी है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर दर्जनों की संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता शहर के बलदेव बाग इलाके में स्थित कांग्रेस दफ्तर पहुंचे। यहां उन्होंने लाठी डंडों से तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने अचानक यहां हमला बोल दिया। पुलिस उस समय चौराहे पर ही मौजूद थी। फिलहाल यहां शांति है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जबलपुर कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव ने इस घटना की निंदा की है। यादव ने कहा, " ये विरोध नहीं है। ये नामर्दी है। अगर वे मर्द के बच्चे हैं तो उन्हें ऐलान करना था कि वे कांग्रेस कार्यालय तोड़ने आ रहे हैं। भीड़ में तो भेड़िए भी शेर का शिकार कर देते हैं। इसका मतलब ये नहीं की शेर का महत्व खत्म हो जाए।" उन्होंने इस घटना में पुलिस पर भी लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

यह भी पढ़ें: धर्म की आड़ में बच्चों को क्या बना दिया, गाली देने वाले लड़के का वीडियो ट्वीट कर सीएम बघेल ने जताई चिंता

मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि, "आज बजरंग दल का असली चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हो गया है। ये गुंडों और असामाजिक तत्वों का संगठन है जो तोड़फोड़ और हिंसा में लिप्त रहती है। कभी ये प्रेमी जोड़ों को परेशान करते हैं, कभी देश के खिलाफ जासूसी करते पकड़े जाते हैं। आज लाठी लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने गए थे। स्पष्ट है कि चुनाव पूर्व शिवराज सरकार इस तरह के हमले करवा रही है। आगामी चुनाव में भाजपा हारने वाली है। ये उसी की बौखलाहट है।"

दरअसल, कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में PFI की तर्ज पर बजरंग दल को बैन करने का ऐलान किया गया है। असामाजिक गतिविधियों में लिप्त रहने वाले बजरंग दल को बैन करने की मांग देशभर में तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी बजरंग दल को बैन करने के संकेत दिए हैं। ऐसे में अब बजरंग दल कार्यकर्ता हिंसा पर उतारू हो गए हैं।