मध्य प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में पानी की बौछारें, तापमान में गिरावट

मंगलवार की सुबह मध्य प्रदेश के ज्यादातर जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया, राजधानी भोपाल में तेज हवाओं के साथ बारिश, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा

Updated: Dec 27, 2021, 10:16 PM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

भोपाल। मध्य प्रदेश में मंगलवार सुबह अचानक  मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी भोपाल में सुबह बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। आसमान में सुबह से बादल हैं। साथ ही घना कोहरा भी है। सुबह करीब आठ बजे भोपाल में बारिश होने लगी। बारिश के साथ-साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के दर्जनों जिलों में बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक बादल सघन होने के साथ ग्वालियर-चंबल संभागों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही भोपाल, सागर, होशंगाबाद, जबलपुर, रीवा और शहडोल में आज और कल हल्की बारिश की संभावना है। इन सभी जगहों पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना है। ओले गिरने से रबी फसलों को नुकसान भी हो सकता है।

यह भी पढ़ें: सरपंच के 15 लाख तक के गबन को नहीं मानना चाहिए भ्रष्टाचार, बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के बोल

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आसमान खुलने के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट होगी। इसके बाद प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर से 1 जनवरी तक अच्छी ठंढ़ रहेगी। सोमवार को राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी में 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके बाद खजुराहो में आठ डिग्री सेल्सियस तापमान रहा है।