MP में दिन के साथ अब रात भी तपेगी, भोपाल समेत 9 शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट

मध्य प्रदेश में पहली बार वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी हुआ है। भोपाल समेत 9 शहरों में रात में भी तेज गर्मी रहेगी।

Updated: Apr 21, 2026, 12:21 PM IST

मध्य प्रदेश में गर्मी ने नया रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए पहली बार वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया है। भोपाल सहित 9 शहरों में रात के समय भी तेज गर्मी बनी रहने की चेतावनी दी गई है। जबकि, डिंडौरी में लू चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, जिन शहरों में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है उनमें भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। इससे पहले रविवार और सोमवार की रात भी भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में असामान्य रूप से गर्म रात दर्ज की गई थी।

वॉर्म नाइट उस स्थिति को कहा जाता है जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहता है। वहीं, दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा होता है। यदि यह अंतर 6.4 डिग्री से ऊपर चला जाए तो इसे सीवियर वॉर्म नाइट माना जाता है। फिलहाल प्रदेश में ऐसी गंभीर स्थिति नहीं बनी है।

बीते सोमवार को भी प्रदेश में तेज गर्मी का असर साफ दिखाई दिया था। छतरपुर के खजुराहो में सबसे अधिक 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। दतिया में 42.3 डिग्री, रतलाम और सीधी में 42.2 डिग्री, रीवा और श्योपुर में 42 डिग्री, रायसेन में 41.6 डिग्री, नौगांव में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था।

बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा था। वहां पारा 42.5 डिग्री तक पहुंच गया था। भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर और उज्जैन में 39.5 डिग्री जबकि जबलपुर में 38.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।

इस बीच प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने हल्का करवट भी लिया। रविवार और सोमवार को खरगोन, इंदौर, सीहोर, सागर, अशोकनगर, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, गुना, सतना, मुरैना, हरदा, खंडवा, बड़वानी, उज्जैन और बैतूल में बारिश और गरज-चमक के साथ बादल छाए रहे थे। भोपाल में भी सुबह देर से धूप निकली थी।

मौसम में इस बदलाव के पीछे पूर्वी मध्य प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन को वजह माना जा रहा है। जिसकी वजह से बादल छाए रहे और दक्षिणी जिलों में आंधी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 अप्रैल को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है लेकिन इसका असर मध्य प्रदेश पर सीमित रहने की संभावना है।