मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने दिया BJP से इस्तीफा, कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज

इस्तीफे के बाद नारायण त्रिपाठी ने कहा कि वह 16 अक्टूबर को मैहर जायेंगे, उसके बाद ही कोई फैसला लेंगे।

Updated: Oct 13, 2023, 01:52 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को एक और बड़ा झटका लगा है। मैहर से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी ने पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। त्रिपाठी काफी समय से भाजपा हाईकमान से नाराज चल रहे थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि नारायण त्रिपाठी जल्द ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। 

नारायण त्रिपाठी ने शुक्रवार को विधानसभा और BJP की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को इस्तीफा भेजा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को भी त्यागपत्र भेजा है। इस्तीफे के बाद उन्होंने कहा कि वह
आगे की रणनीति जल्‍द तय करेंगे। उन्होंने कहा, '16 अक्टूबर को मैहर जाऊंगा, उसके बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा।'

दरअसल, नारायण त्रिपाठी पिछले कई वर्षों से पृथक विंध्य प्रदेश बनाने की मांग कर रहे थे। अलग प्रदेश बनाने की मांग को लेकर पार्टी हाईकमान और सीएम शिवराज को लेकर वह मुखर भी थे। उन्होंने विंध्य प्रदेश के लिए अलग पार्टी गठित करने का भी ऐलान किया था। ऐसे में भाजपा ने इस बार नारायण त्रिपाठी की जगह मैहर से श्रीकांत चतुर्वेदी को अपना उम्मीदवार बना दिया। 

श्रीकांत चतुर्वेदी साल 2018 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थे और बीजेपी प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी से 2,984 मतों से चुनाव हार गए थे। श्रीकांत को 51,893 और नारायण को 54,877 वोट मिले थे। नारायण के बागी तेवरों के चर्चा में आने के बाद श्रीकांत बीजेपी में शामिल हो गए थे।