चुनाव पूर्व MP में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 19 IAS अफसरों का हुआ तबादला, कौशलेंद्र विक्रम बने भोपाल कलेक्टर

सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को 19 IAS अफसरों के तबादले की लिस्ट जारी की है, कई जिलों के कलेक्टर को बदला गया है, सीएम शिवराज ने अपने करीबी अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल कलेक्टर नियुक्त किया है।

Updated: Apr 03, 2023, 10:28 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में तबादलों का दौर जारी है। 75 IPS अफसरों के बाद अब राज्य में 19 IAS अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के इस फैसले को विधानसभा चुनाव के लिए जमावट के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात ये है कि नरोत्तम मिश्रा के दामाद अविनाश लवानिया का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। उनके जगह सीएम चौहान के करीबी कौशलेंद्र विक्रम सिंह को भोपाल कलेक्टर नियुक्त किया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार देर शाम तबादले किए जाने की सूची जारी की है। इस लिस्ट में सबसे ऊपर अविनाश लवानिया का नाम है। उन्हें जल निगम में अपर सचिव बनाया गया है। उनके जगह भोपाल कलेक्टर की जिम्मेदारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह संभालेंगे। वहीं, सूफिया फारूकी वली को रोजगार गारंटी परिषद से हस्तशिल्प-हस्तकरघा निगम में ट्रांसफर किया गया है। हफ्तेभर पहले ही सूफिया फारूकी के आईपीएस पति इरशाद वली को भी आईजी भोपाल रेंज से होशंगबाद ट्रांसफर किया गया था।

इसके अलावा रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प को महिला एवं बाल विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है। मनोज पुष्प की जगह प्रतिभा पाल रीवा कलेक्टर होंगी। शाजापुर कलेक्टर दिनेश जैन को नीमच कलेक्टर नियुक्त किया गया है। नीमच कलेक्टर मयंक अग्रवाल का दमोह ट्रांसफर किया गया है। किशोर कुमार कन्याल को शाजापुर कलेक्टर नियुक्त किया गया है। जबकि तन्वी हुड्डा को झाबुआ कलेक्टर और सलोनी सडाना को मंडला कलेक्टर नियुक्त किया गया है। बता दें कि बीते 25 मार्च को मध्य प्रदेश शासन ने 75 आईपीएस अफसरों का तबादला किया था।