इंदौर में मालिनी गौड़ के परिवार पर गुंडागर्दी के आरोप, BJP पदाधिकारियों ने ही खोला मोर्चा

पूर्व राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता मेघराज जैन ने गौड़ परिवार पर गुंडागर्दी के आरोप लगाते हुए पार्टी नेतृत्व से कहा है कि इस बार उन्हें चुनाव के टिकट न दें।

Updated: Oct 03, 2023, 01:57 PM IST

इंदौर। विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश में भाजपा भारी अंतर्विरोधों से जूझ रही है। इंदौर विधानसभा क्षेत्र 4 की भाजपा विधायक मालिनी गौड़ और उनके परिवार के खिलाफ पार्ट पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल रखा है। गौड़ परिवार पर गुंडागर्दी के आरोप लग रहे हैं। सीएम शिवराज के सामने एक खेमे ने बीते दिनों इस मामले में प्रदर्शन किया था। अब पर राज्यसभा सांसद व वरिष्ठ भाजपा नेता मेघराज जैन ने गौड़ परिवार को टिकट न देने की मांग की है।

दरअसल, विधानसभा क्षेत्र नंबर 4 पूर्व मंत्री लक्ष्मण सिंह गौड़ के परिवार की परंपरागत सीट है। पहले लक्ष्मण सिंह तीन बार जीते, फिर तीन बार से पत्नी मालिनी विधायक हैं। अब उनके बेटे एकलव्य की दावेदारी भी है। विधानसभा क्षेत्र चार के भाजपा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल 29 अगस्त को अचानक भोपाल पहुंचा था और मालिनी गौड़ को टिकट नहीं देने का मुद्दा उठाया।

तीन दिन पहले पूर्व राज्यसभा सदस्य मेघराज जैन ने गौड़ परिवार के खिलाफ लंबी फेसबुक पोस्ट लिखी। उन्होंने मालिनी गौड़ के बेटे द्वारा संचालित हिंद रक्षक संगठन को आतंक का पर्याय बनने के आरोप लगाए थे। यह भी कहा कि चुनाव में इन्हें टिकट दिया तो ये जीत जाएंगे लेकिन पार्टी हार जाएगी। इसके बड़ा शनिवार को मुख्यमंत्री इंदौर आए तो वहां एयरपोर्ट पर भी विरोधी खेमे ने मालिनी के टिकट को काटने का मुद्दा उठाया था।

विरोध को लेकर मालिनी गौड़ के बेटे और बीजेपी नगर उपाध्यक्ष एकलव्य गौड़ ने कहा कि सारे आरोप निराधार हैं। 30 से 35 साल से कुछ लोग यही करते आ रहे हैं। जितना विरोध होगा, हम उतने ज्यादा वोट से जीतेंगे। संगठन स्तर पर अपनी बात रख चुका हूं। पार्टी के ही लोगों द्वारा हिंद रक्षक संगठन पर गुंडागर्दी कर व्यापारियो को परेशान करने के आरोप पर बोले कि एक भी व्यापारी को लाकर वे खड़ा कर दें। मेरी चुनौती है उन्हें जो इस तरह का आरोप लगा रहे हैं। विरोध वाला जो विषय उठ रहा है वो नया नहीं है। पिछले कई सालों से कुछ लोग हैं जो लगातार इस कोशिश में है।