भोपाल में अब बिना मास्क घूमने पर 500 रुपए का जुर्माना, Omicron के खतरे के बीच कलेक्टर ने जारी किया आदेश

भोपाल में बिना मास्क तफरी करने वालों पर अब 100 के जगह 500 रुपए लगेगा जुर्माना, शादी व अन्य समारोहों को लेकर भी गाइडलाइंस जारी, राजधानी में बढ़ने लगे हैं कोरोना के मामले

Updated: Nov 30, 2021, 09:54 AM IST

भोपाल। कोरोना के नए स्ट्रेन Omicron के खतरों के बीच मध्य प्रदेश में कोरोना के आंकड़े बढ़ने लगे हैं। इनमें सबसे ज्यादा केस राजधानी भोपाल से सामने आ रहे हैं। भोपाल जिला प्रशासन ने अब गाइडलाइंस में भी सख्ती बरतने का आदेश जारी किया है। राजधानी में अब बिना मास्क पहने तफरी करने वालों पर 500 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। 

राजधानी भोपाल में पहले बिना मास्क घूमने के लिए जुर्माने की राशि 100 रुपए थी। भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया ने इसे बढ़ाकर 500 रुपए करने का आदेश दिया है। कलेक्टर में शादी व अन्य समारोहों को लेकर भी विस्तृत गाइडलाइंस जारी की है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 20 नए कोरोना केस सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 14  राजधानी भोपाल के है। वहीं, इंदौर में 5 और जबलपुर में 1 पॉजिटिव मिला है। सोमवार को प्रदेश में 12 केस मिले थे।

यह भी पढ़ें: MP के कॉलेजों में जारी रहेंगी ऑफलाइन कक्षाएं, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने सुनाया फरमान

पिछले 10 दिनों की बात की जाए तो प्रदेश में 160 नए केस आ चुके हैं। इनमें अकेले भोपाल के ही 71 केस शामिल हैं। वहीं, 10 दिनों में इंदौर में 66 केस मिल चुके हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच टेस्टिंग में भी तेजी लाई जा रही है। गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक सोमवार को प्रदेश भर में 53 हजार टेस्ट हुए। फिलहाल मध्य प्रदेश में 119 एक्टिव केस हैं। प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट 0.03 फीसदी है।

दरअसल, राजधानी भोपाल में कई महीनों से मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर कार्रवाई बंद थी। पुलिस द्वारा भी सड़कों पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा था। स्थिति ये बन गई है कि न्यू मार्केट और पुराने भोपाल के बाजार में हजारों की संख्या में लोगों की भीड़ होती है। यहां सोशल डिस्टेंसिंग तो दूर अधिकांश लोग बगैर मास्क के होते हैं। ऐसे में अब प्रशासन ने दुबारा कार्रवाई का रास्ता अख्तियार किया है।